यह ख़बर 30 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मौद्रिक समीक्षा से पहले शेयर बाजार में गिरावट

खास बातें

  • भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा तीन मई को मौद्रिक समीक्षा में दरों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच साप्ताहिक कारोबार में शेयर बाजार में गिरावट देखी गई।
मुम्बई:

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा तीन मई को मौद्रिक समीक्षा में दरों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच साप्ताहिक कारोबार में शेयर बाजार में गिरावट देखी गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 466.27 अंक या 2.38 फीसदी गिरावट के साथ 19,602.232 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 2.29 फीसदी गिरावट के साथ 5,749.5 पर बंद हुआ। सप्ताह के पांचों कारोबारी सत्रों में प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। इस दौरान बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप में क्रमश: 1.95 फीसदी और 1.84 फीसदी की गिरावट रही। साप्ताहिक कारोबार में सेंसेक्स में बढ़त बनाने वाले प्रमुख शेयरों में रहे ओएनजीसी (4.6 फीसदी), मारुति सुजुकी (4.3 फीसदी) और स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (2.6 फीसदी)। इस दौरान सेंसेक्स में गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में रहे डीएलएफ (9.00 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (8.2 फीसदी), भेल (7.6 फीसदी) और एलएंडटी (6.7 फीसदी)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 34.636 करोड़ डॉलर मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। इस सप्ताह वैश्विक बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। एशियाई बाजारों में जापान का निक्के ई 1.69 फीसदी तेजी के साथ 9,849.74 पर बंद हुआ। चीनी स्टॉक एक्सचेंज का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 3.29 फीसदी गिरावट के साथ 2,911.51 पर बंद हुआ। हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज का हैंग सैंग इस सप्ताह 1.73 फीसदी गिरावट के साथ 23,720.81 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डीएएक्स 0.52 फीसदी तेजी के साथ 7,514.46 पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी 40 बिना किसी बदलाव के 4,106.92 पर और ब्रिटेन का फटीएसई भी बिना किसी बदलाव के 6,069.9 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com