यह ख़बर 07 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अमेरिकी दल भारत में परमाणु सहयोग पर करेगा बात

खास बातें

  • अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि इस दौरे में प्रतिनिधिमंडल परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग और साझीदारी के लिए बात करेगा।
नई दिल्ली:

अमेरिकी ऊर्जा विभाग का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 10 दिवसीय दौरे पर भारत आया हुआ है। अमेरिकी दूतावास द्वारा सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि इस दौरे में प्रतिनिधिमंडल परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग और साझीदारी के लिए बात करेगा। बयान के मुताबिक ऊर्जा विभाग के प्रतिनिधि भारत के परमाणु ऊर्जा समुदाय के बारे में अपनी जानकारी बढ़ाएंगे और परमाणु विकास और साझेदारी के अवसरों की तलाश करेंगे, जिससे दोनों देशों का हित पूरा होगा। इस दौरे में अमेरिका के प्रमुख परमाणु इंजीनियरिंग और विज्ञान प्रयोगशाला 'इदाहो राष्ट्रीय प्रयोगशाला' के प्रतिनिधि यहां सरकार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले प्रमुख विशेषज्ञों से मिलेंगे। प्रयोगशाला के निदेशक और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख जॉन ग्रेसनबचर ने कहा कि सभी परमाणु ऊर्जा वाले देश एक दूसरे के परमाणु संस्थानों को समझने और जहां उचित हो आपसी सहयोग करने से लाभान्वित होते हैं। दौरे में प्रतिनिधिमंडल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुम्बई, परमाणु ऊर्जा विभाग और उसके दो प्रयोगशालाओं-भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम और राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम-के प्रमुख प्रतिनिधियों से मिलेंगे। इदाहो राष्ट्रीय प्रयोगशाला ने इससे पहले अमेरिका और भारत में नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग पर 123 समझौते की वार्ता और भारत-अमेरिका कार्यसमूह की बैठक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com