खास बातें
- 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में दिल्ली की जिला अदालत में सोमवार से सुनवाई शुरू होगी, जो गर्मियों की छुट्टी के चलते स्थगित थी।
New Delhi: 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में यहां की जिला अदालत में सोमवार से सुनवाई शुरू होगी, जो गर्मियों की छुट्टी के चलते स्थगित थी। मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा डीएमके सांसद कनिमोई स्वान टेलीकॉम के प्रमोटर शाहिद उस्मान बलवा और 11 अन्य आरोपी सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ओपी सैनी के समक्ष पेश होंगे, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मामले की विशेष तौर पर सुनवाई कर रहे हैं। अदालत ने इससे पहले इस मामले की अंतिम सुनवाई 10 जून को की थी। अब तक दस्तावेजों की पड़ताल हो रही थी और अब अदालत अभियोजन तथा बचाव पक्ष के बीच जिरह की प्रक्रिया शुरू करेगी। सीबीआई ने 14 लोगों और तीन कंपनियों सहित 17 आरोपियों के खिलाफ दो आरोप पत्र दायर किए हैं। जांच एजेंसी द्वारा जुलाई के दूसरे हफ्ते तक तीसरा आरोप पत्र दायर किए जाने की उम्मीद है। 2 अप्रैल को दायर किए गए पहले आरोप पत्र में सीबीआई ने राजा बलवा पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरा, राजा के निजी सचिव आरके चंदोलिया, यूनिटेक के प्रबंध निदेशक संजय चंद्र, डीबी रीयलिटी प्रमोटर विनोद गोयनका और रिलायंस एडीएजी के तीन अधिकारियों हरि नायर, सुरेंद्र पिपारा और गौतम दोषी का नाम लिया था। इन्हें धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।