नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रियों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश अंतरिम बजट की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह 2047 तक पूर्ण विकसित और आर्थिक रूप से मजबूत भारत के लिए मार्ग प्रशस्त करने वाला है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अंतरिम बजट 2024-25 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने का खाका तैयार किया गया है.
शाह ने यह भी कहा कि वित्त मंत्री का बजट भाषण भारत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने की यात्रा में पिछले 10 वर्ष में मोदी सरकार द्वारा प्राप्त उपलब्धियों पर रोशनी डालता है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को लगातार छठी बार संसद में बजट प्रस्तुत किया.
-
ब्रिटेन के हरियाणवी मेयर तुषार कुमार ने बताया कैसे गरीबों की मदद ने जिताया चुनाव -
टैक्स सिर्फ कमाई पर लगे, पूरी रकम पर नहीं..."F&O ट्रेडर्स के नुकसान पर बोले Zerodha को-फाउंडर निखिल कामत -
जिस शशि थरूर को सुनती है पूरी दुनिया, संसद में वह किसे सुनना पसंद करते हैं? खुद खोला राज -
रुपये की गिरती कीमत पर RBI गवर्नर का बड़ा बयान, कोई फिक्स लेवल नहीं, जानिए क्या है रिजर्व बैंक का एक्शन प्लान -
टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग अनिवार्य? RBI गवर्नर ने NDTV समिट में बताया ये क्यों है जरूरी -
AI से बुलेट ट्रेन तक... अश्विनी वैष्णव ने बताया भारत का फ्यूचर प्लान -
NDTV World Summit 2026: वेजिटेरियन खिलाड़ियों को कौन सी दिक्कतें होती हैं? Savita, Neeru ने बताया -
NDTV World Summit 2026 के मंच पर भारत की 'गोल्डन गर्ल्स' ने बताया जीत का मंत्रा! | Asian Games 2026 -
NDTV World Summit 2026: Lovlina Borgohain ने बताया जीवन का सबसे बड़ा चैलेंज! क्यों लगने लगे ठहाके? -
NDTV World Summit 2026: हॉकी चैंपियन नेहा गोयल का बड़ा खुलासा! दर्द में भी जीत का जश्न
शाह ने ‘एक्स' पर ‘विकसित भारत बजट' हैशटैग के साथ लिखा, ‘‘केंद्रीय बजट 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने की रूपरेखा प्रस्तुत करता है. बजट भाषण भारत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने की मोदी सरकार की यात्रा में पिछले 10 वर्ष में प्राप्त उपलब्धियों पर रोशनी डालता है.''
उन्होंने कहा, ‘‘इन कार्यों की बुनियाद पर विकसित भारत की भव्य इमारत खड़ी की जा रही है. इस उत्कृष्ट यात्रा के माध्यम से देश का नेतृत्व करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी का और गहरी सोच वाले बजट भाषण के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी का हृदय से आभार.''
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरिम बजट ‘आत्मविश्वास से लबरेज, मजबूत और आत्मनिर्भर विकसित भारत' की दृष्टि को रेखांकित करता है. साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 2027 तक बढ़कर 5,000 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा. सिंह ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि इस बजट में ‘समाज के हर वर्ग' के लिए कुछ न कुछ है.
उन्होंने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘यह अंतरिम बजट है, लेकिन यह बहुत उत्साहवर्धक है और आगे के रास्ते के लिए भी उम्मीद जगाता है. और इस समय भारत की अर्थव्यवस्था का जो आकार है... मुझे विश्वास है कि इस बजट से हमें जो भी संकेत मिले हैं, हमारी अर्थव्यवस्था का आकार...जो अभी शीर्ष पांच में है... 2027 तक पांच हजार अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा. (वर्ष) 2030 तक यह बढ़कर 7,000 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा.''
महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व में सरकार ने गरीबों और ग्रामीण भारत के कल्याण के लिए विकास के मायने को फिर से परिभाषित किया है.
उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत करीब तीन करोड़ मकान बनने का जिक्र किया गया है, जो बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.
उन्होंने कहा, ‘‘ ‘न्यू इंडिया' के ग्रामीण क्षेत्रों में पीएमएवाई-जी योजना के तहत निर्मित घरों के 70 प्रतिशत स्वामित्व अधिकार महिलाओं के हैं. इस बदलाव के कारण आज समाज में नारी शक्ति की मान-प्रतिष्ठा बढ़ी है. विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए, अगले पांच वर्षों में अतिरिक्त दो करोड़ घरों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.''
कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि बजट ने 2047 तक विकसित भारत के लिए एक मजबूत नींव रखी है. विपक्ष की ओर से बजट की आलोचना किए जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष ने अंतरिम बजट पर ध्यान नहीं दिया है. जब वे इसकी एक प्रति प्राप्त करेंगे और इसकी समीक्षा करेंगे तो उन्हें समझ आएगा. मेरा मानना है कि इस अंतरिम बजट में कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रहा है. आने वाले समय में हमें जिस चीज पर ध्यान देने की जरूरत है, उसे इस अंतरिम बजट में शामिल किया गया है.''
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में पांच साल का खाका पेश किया है. संसद के बाहर ‘पीटीआई-भाषा' से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन ‘भारत में एक बड़ा गंतव्य' बनने जा रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘यह अंतरिम बजट है, लेकिन मेरी सरकार ने पांच साल के लिए एक रोडमैप भी दिया है. वित्त मंत्री ने पर्यटन स्थलों की पहचान कर राज्यों में पर्यटन केंद्र विकसित करने की बात कही.'' उन्होंने यह भी कहा कि देश में घरेलू पर्यटन बढ़ रहा है और केंद्र सरकार इस क्षेत्र को ‘प्रोत्साहित' करने जा रही है.
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत' के लिए एक स्पष्ट दिशा देता है और इसने गरीबों की चिंताओं का पूरी तरह से समाधान किया है.
संसद में पेश अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बजट को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए वादों के अनुरूप बताया.
सोनोवाल ने कहा, ‘‘मोदी जी ने 10 साल पहले लोगों को जो गारंटी दी थी, उसे आज पूरा कर दिया है. इसकी वजह से देश में जागृति आई है और देश के हर पहलू में विकास दिखाई दे रहा है.''
उन्होंने प्रत्येक नागरिक को सामाजिक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सुनहरा अवसर प्रदान करने में बजट की भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा, ‘‘इस बजट के माध्यम से, यह स्पष्ट है कि भारत निस्संदेह 2047 तक सबसे मजबूत और सबसे विकसित देश बन जाएगा.''
स्वास्थ्य राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने समाज के हर वर्ग की जरूरतों को पूरा करते हुए बजट की समावेशी प्रकृति पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा, ‘‘इस बजट में समाज के हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है. यह हाशिये पर पड़े लोगों पर ध्यान केंद्रित करके भारत के विकास की नींव रखता है.''
उन्होंने तीन करोड़ नये घरों के निर्माण के लिए आवंटन का उल्लेख किया और कहा कि यह हाशिये पर पड़े लोगों के उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने भारत को 2047 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और विकसित राष्ट्र बनाने में अंतरिम बजट की भूमिका पर जोर दिया.
रीजीजू ने कहा, ‘‘भले ही यह अंतरिम (बजट) है, लेकिन इसमें बुनियादी ढांचे, सामाजिक क्षेत्र, कृषि और नीली अर्थव्यवस्था सहित हर क्षेत्र पर स्पष्ट ध्यान (दिया गया) है.'' उन्होंने भारत को विश्व स्तर पर सबसे आत्मविश्वास वाली आर्थिक शक्ति बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विवेकपूर्ण राजकोषीय प्रबंधन और आर्थिक नीतियों को दिया.
उन्होंने नीली अर्थव्यवस्था, गहरे समुद्री मिशन और समुद्री संसाधनों की खोज पर बजट के महत्व को रेखांकित किया, जिसमें भारतीय अर्थव्यवस्था में पर्याप्त योगदान का अनुमान लगाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं