Thermos Recall: क्या आपने कभी सोचा है कि जिस थर्मस में आप अपना खाना या पसंदीदा ड्रिंक सेफ समझकर रखते हैं, वही आपकी आंखों की रोशनी छीनने का कारण बन सकता है? सुनने में यह डरावना लग सकता है, लेकिन दिग्गज कंपनी थर्मस (Thermos) के लाखों प्रोडक्ट्स के साथ ऐसा ही कुछ हो रहा है. कंपनी ने दुनिया भर में बिकने वाले अपने करीब 8.2 मिलियन यानी 82 लाख से ज्यादा जार और बोतलों को बाजार से वापस मंगाने का बड़ा फैसला लिया है.
यह कदम उन रिपोर्ट्स के बाद उठाया गया है जिनमें बताया गया कि इसका इस्तेमाल करना वाले कई लोग अपनी आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अमेरिका के कंज्यूमर प्रोडक्ट सेफ्टी कमीशन (CPSC) ने थर्मस के 8.2 मिलियन (82 लाख) फूड जार और बोतलों को रिकॉल करने का आदेश दिया है. कंपनी को स्टॉपर के अचानक उछलने से गंभीर चोट लगने और विजन लॉस की शिकायतें मिली हैं.इसमें करीब 5.8 मिलियन Stainless King Food Jars और 2.3 मिलियन Sportsman Bottles शामिल हैं, जो कई सालों में बेचे गए थे.
कंपनी के मुताबिक, यह मामला इन प्रोडक्ट्स के ढक्कन यानी स्टॉपर से जुड़ा है.अगर जार या बोतल में खाना या ड्रिंक्स लंबे समय तक रखा जाता है, तो अंदर प्रेशर बन जाता है. ऐसे में जब इसे खोला जाता है, तो स्टॉपर अचानक जोर से बाहर निकल सकता है, जिससे चोट लगने का खतरा रहता है.जांच में सामने आया है कि कुछ मॉडल्स में प्रेशर रिलीज फीचर नहीं है. यानी अंदर बना दबाव धीरे-धीरे बाहर नहीं निकल पाता और अचानक ढक्कन के जरिए बाहर आता है, जिससे हादसा हो सकता है.खबर है कि इन बोतलों का ढक्कन या स्टॉपर (Stopper) इतनी तेजी से उछलकर बाहर निकलता है कि इससे अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ ने तो अपनी आंखों की रोशनी तक गंवा दी है.
आंखों की रोशनी जाने की मिलीं शिकायतें
कंपनी को अब तक 27 ऐसे मामलों की शिकायत मिली है जहां कंटेनर खोलते ही स्टॉपर यानी ढक्कन उछलकर सीधा लोगों को जाकर लगा. इनमें से तीन मामलों में ग्राहकों ने अपनी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए गंवा दी. इसके अलावा कुछ मामलों में लोगों को गहरे जख्म भी आए हैं जिनके लिए मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ी.
खतरनाक साबित हो सकता है थर्मस का ये मॉडल
कंपनी ने विजन लॉस के खतरे को देखते हुए इन दो बड़े प्रोडक्ट्स को रिकॉल किया है ....
- Stainless King Food Jars मॉडल SK3000 और SK3020 (जुलाई 2023 से पहले बने हुए)
- Sportsman Food & Beverage Bottles (मॉडल SK3010) के सभी पुराने प्रोडक्ट्स
इन प्रोडक्ट्स पर Thermos ब्रांड नाम लिखा होता है और मॉडल नंबर नीचे की तरफ दिया होता है. ये जार और बोतल बड़े रिटेल स्टोर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बेचे गए, जिनमें टारगेट, वॉलमार्ट और अमेजन (Amazon) जैसे बड़े रिटेलर्स के नाम शामिल हैं. इनकी बिक्री मार्च 2008 से जुलाई 2024 के बीच हुई थी.
कंपनी की सलाह, तुरंत बंद कर दें इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल
थर्मस ने ग्राहकों से अपील करते हुए कहा है कि वे इन मॉडल्स के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें. इसके साथ ही Thermos ग्राहकों को फ्री रिप्लेसमेंट स्टॉपर या नया प्रोडक्ट दे रही है. कंपनी ने बताया कि ग्राहक कंपनी की वेबसाइट या हेल्पलाइन के जरिए रिप्लेसमेंट के लिए आवेदन कर सकते हैं. कुछ मॉडल्स के लिए ग्राहकों को खराब स्टॉपर की फोटो भेजनी होगी, जबकि कुछ को प्रीपेड शिपिंग लेबल के जरिए पूरा प्रोडक्ट वापस करना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं