Gold-Silver Storage Rule: सोना-चांदी खरीदना भारतीय परिवारों में सेविंग्स और इन्वेस्टमेंट का पुराना तरीका रहा है. शादी-ब्याह, त्योहारों और दूसरे खास मौकों पर लोग सोने के गहने खरीदते हैं. कई परिवारों में पुश्तैनी गहने भी होते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर में कितना सोना रखना कानूनी रूप से सही है? क्या इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी में आपके घर से सोना जब्त किया जा सकता है?
हाल ही में सोने के लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है. कोर्ट ने कहा है कि सोना रखने की छूट के बावजूद आय का स्रोत बताना होगा. ऐसे में घर में सोने-चांदी को रखने को लेकर आयकर विभाग के नियमों को समझना जरूरी है.
शादीशुदा महिला, अविवाहित महिला और पुरुष के लिए कितना सोना?
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (CBDT) के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के दौरान तय मात्रा तक सोने के गहने आमतौर पर जब्त नहीं किए जाते हैं. इसके लिए अलग-अलग कैटेगरी में मात्रा तय की गई है.
- शादीशुदा महिला: 500 ग्राम तक सोने के गहने
- अविवाहित महिला: 250 ग्राम तक सोने के गहन
- पुरुष: 100 ग्राम तक सोने के गहने
यह नियम पुरुषों पर शादीशुदा और अविवाहित होने के आधार पर अलग-अलग लागू नहीं होता यानी दोनों के लिए 100 ग्राम की सीमा है.
क्या 500 ग्राम से ज्यादा सोना रखने पर होगी परेशानी?
500 ग्राम, 250 ग्राम और 100 ग्राम सोना रखने की मैक्सिमम कानूनी सीमा नहीं है. इसका मतलब यह है कि इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के दौरान तय मात्रा तक के गहने आमतौर पर जब्त नहीं किए जाएंगे. नियमों के मुताबिक, कोई भी आदमी अपनी वैध कमाई से खरीदे गए सोने के गहने रख सकता है. इसके लिए मैक्सिम मात्रा की कोई सीमा तय नहीं है. विरासत में मिले सोने के गहने भी रखे जा सकते हैं. अगर किसी के पास तय मात्रा से ज्यादा सोना है, तो उसे खरीद का बिल, विरासत के दस्तावेज या दूसरे सबूतों से उसका सोर्स बताना पड़ सकता है. इसके अलावा, छापेमारी करने वाले अधिकारी परिवार की आर्थिक स्थिति, रीति-रिवाज और परंपराओं को देखते हुए तय सीमा से ज्यादा सोने के गहने भी जब्त नहीं करने का फैसला ले सकते हैं
घर में कितना चांदी रख सकते हैं?
सोने की तरह चांदी रखने की भी कोई तय मैक्सिमम कानूनी सीमा नहीं है यानी घर में चांदी के बर्तन, गहने और दूसरे सामान रखे जा सकते हैं. हालांकि, बड़ी मात्रा में चांदी होने पर उसके स्रोत की जानकारी देना जरूरी हो सकता है. खरीद के बिल, विरासत या उपहार से जुड़े दस्तावेज संभालकर रखना बेहतर है.
इनकम टैक्स की रेड से बचने के लिए क्या करें?
सोना-चांदी खरीदने पर उसकी रसीद जरूर रखें. शादी में मिले गहनों, परिवार से विरासत में मिले सोने और उपहार में मिली ज्वेलरी से जुड़े दस्तावेज भी संभालकर रखें. इससे जरूरत पड़ने पर आप बता सकेंगे कि सोना-चांदी कहां से आया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं