विज्ञापन

HCL के इवेंट में CEO के सामने कर्मचारियों ने काटा बवाल, 'We Want Hike' के लगाए नारे, देखें वायरल वीडियो

HCLTech के 50 साल के जश्न के दौरान कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा.उन्होंने CEO के सामने ही सैलरी बढ़ाने की मांग कर दी. इस वायरल वीडियो के बाद CEO सी विजयकुमार का ₹177 करोड़ का सालाना पैकेज सुर्खियों में आ गया है.

HCL के इवेंट में CEO के सामने कर्मचारियों ने काटा बवाल, 'We Want Hike' के लगाए नारे, देखें वायरल वीडियो
HCL Event Viral Video: CEO स्टेज पर आए और कर्मचारियों ने मांगी सैलरी! जमकर हुआ बवाल

HCL Viral Video: HCL ग्रुप के 50 साल पूरे होने के जश्न के दौरान आयोजित प्रोगाम का एक वीडियो इन दिनो हर तरफ छाया हुआ है. दरअसल, जैसे ही कंपनी के सीईओ (CEO) सी विजयकुमार (C Vijayakumar) स्टेज पर पहुंचे, वहां मौजूद कर्मचारियों की भीड़ ने तालियों के बजाय जोर-जोर से "We want hike" (हमें सैलरी हाइक चाहिए) के नारे लगाने शुरू कर दिए. कंपनी के इस ऐतिहासिक और जश्न के मौके पर सैलरी बढ़ाने की इस गूंज ने मैनेजमेंट को हैरान कर दिया. 

इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक तरफ आईटी सेक्टर में  सैलरी ग्रोथ ,अप्रेजल और दूसरी तरफ कॉर्पोरेट कल्चर को लेकर कर्मचारियों की नाराजगी पर एक नई बहस छेड़ दी है.

वायरल वीडियो में जश्न के बीच सैलरी की मांग

वायरल वीडियो HCLTech की 50वीं एनिवर्सरी  सेलीब्रेशन का बताया जा रहा है.बता दें कि HCL Group इन दिनों अपनी गोल्डन जुबली के मौके पर अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम और लाइव कॉन्सर्ट आयोजित कर रहा है. चेन्नई का यह प्रोग्राम भी उसी सीरीज का हिस्सा था. यह प्रोग्राम  सिर्फ कंपनी के कर्मचारियों के लिए रखा गया था.इसमें लाइव परफॉर्मेंस और कर्मचारियों के लिए कई एंगेजमेंट एक्टिविटी रखी गई थीं.

वीडियो में पहले बड़ी स्क्रीन पर CEO C. Vijayakumar की फोटो दिखाई देती है. इसके बाद जैसे ही वह स्टेज पर पहुंचते हैं, हॉल में मौजूद कुछ कर्मचारी "We Want Hike... We Want Hike" के नारे लगाने लगते हैं, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. कुछ ही सेकेंड में यह नारा और तेज हो जाता है. आमतौर पर जिस तरह किसी CEO का तालियों से स्वागत होता है, उसकी जगह यहां कर्मचारियों ने अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग खुलकर रख दी.

CEO ने कैसे दिया रिएक्शन?

वीडियो में दिखाई देता है कि नारेबाजी के बावजूद CEO सी विजयकुमार  शांत रहे. उन्होंने मुस्कुराकर कर्मचारियों का अभिवादन किया और बिना किसी पब्लिक रिएक्शन के अपना संबोधन जारी रखा. वहीं, कार्यक्रम भी तय समय के अनुसार आगे बढ़ता रहा.

वायरल वीडियो पर यूजर्स का रिएक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद X, LinkedIn और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की अलग-अलग राय देखने को मिली.कुछ लोगों का कहना है कि कर्मचारियों ने वही बात खुलकर कही, जो आज IT सेक्टर के हजारों प्रोफेशनल हर ऐप्रेजल सीजन में महसूस करते हैं. वहीं कई यूजर्स ने इसे कंपनी के समारोह में इस तरह से उठाया गया अनुचित कदम बताया.

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे "Corporate Way of Begging" कहा, जबकि कई लोगों का मानना है कि कर्मचारियों की नाराजगी अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगी है.

IT सेक्टर में क्यों बढ़ रही है सैलरी को लेकर चर्चा?

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले दो साल में भारत के IT सेक्टर में सैलरी बढ़ोतरी उम्मीद के मुताबिक कम रही है. कई कंपनियों ने ग्लोबल मार्केट में कमजोर मांग और क्लाइंट्स के खर्च घटने की वजह से सैलरी ग्रोथ को लेकर सख्त रुख अपनाया.हालांकि अब कारोबार में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है और कुछ सेक्टर में हायरिंग भी बढ़ रही है, लेकिन सैलरी रिवीजन और ऐप्रेजल अभी भी कर्मचारियों के लिए बड़ा मुद्दा बना हुआ है.

HCLTech ने अभी तक नहीं बताया सैलरी बढ़ोतरी का समय

रिपोर्ट्स के मुताबिक HCLTech ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए सैलरी बढ़ोतरी की कोई स्पष्ट टाइमलाइन घोषित नहीं की है. इसी वजह से कई कर्मचारी अपने ऐप्रेजल और सैलरी रिवीजन को लेकर कन्फ्यूजन में हैं.यही वजह है कि वायरल वीडियो ने कर्मचारियों के इमोशन और IT सेक्टर में सैलरी हाईक को लेकर चल रही चर्चा को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.

कंपनी के अच्छे नतीजों के बीच उठी सैलरी की मांग

दिलचस्प बात यह है कि HCLTech ने जून 2026 तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए है. कंपनी की स्टैंडअलोन नेट सेल्स 14,337 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 9.67% ज्यादा है.वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 5,116 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 9.74% की बढ़ोतरी है. ऐसे में कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने की मांग और कंपनी के बेहतर नतीजों की तुलना भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

CEO की सैलरी बढ़कर करीब 177 करोड़ रुपये

इस वायरल घटना के बाद CEO विजयकुमार की सैलरी भी चर्चा में आ गई है. HCLTech की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक FY26 में उनका कुल वेतन करीब 67% बढ़कर 18.3 मिलियन डॉलर (करीब 177 करोड़ रुपये) पहुंच गया.

रिपोर्ट के अनुसार वह लगातार तीसरे साल भारत की बड़ी IT सर्विस कंपनियों में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले CEO बने हुए हैं. उनकी सैलरी Infosys के CEO सलिल पारिख से दो गुना से ज्यादा और TCS के CEO  के कृतीवासन से छह गुना से अधिक बताई गई है. इसी वजह से कर्मचारियों की सैलरी और टॉप मैनेजमेंट के सैलरी के बीच बढ़ते गैप पर भी बहस तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें-  महंगाई का डबल अटैक! HUL फिर बढ़ाएगी दाम, 5% तक महंगे हो सकते हैं साबुन, शैंपू और डिटर्जेंट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
HCL Employees, Salary Hike, Salary Increment, IT Sector Salary Hike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com