अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की 17 अप्रैल, 2026 की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 92.6 अरब डॉलर हो गई है. इसी के साथ वे दुनिया के अरबपतियों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स लिस्ट में गौतम अदाणी अब मुकेश अंबानी से आगे निकल गए हैं.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब इस लिस्ट में 20वें नंबर पर आ गए हैं. उनकी कुल संपत्ति फिलहाल 90.8 अरब डॉलर बताई गई है .
इस साल गौतम अदाणी की नेटवर्थ में 8.1 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
साल 2026 के दौरान अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में लगातार मजबूती देखने को मिली है. इसी का असर उनकी व्यक्तिगत संपत्ति पर भी पड़ा है. इस साल अब तक उनकी नेटवर्थ में 8.1 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे उन्होंने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है.

सिर्फ एक दिन में 3.56 अरब डॉलर की बढ़ी संपत्ति
बीते दिन यानी गुरुवार के कारोबारी सत्र में अदाणी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी का सीधा असर गौतम अदाणी की संपत्ति पर पड़ा. इस तेजी के चलते सिर्फ एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ में करीब 3.56 अरब डॉलर का इजाफा दर्ज किया गया.
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 16.9 अरब डॉलर की गिरावट
जहां गौतम अदाणी की संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है, वहीं इस साल के दौरान मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में करीब 16.9 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई है. इसका कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में मिले-जुले रुझान को माना जा रहा है.
दुनिया के टॉप अरबपतियों की संपत्ति में भी उतार-चढ़ाव
साल 2026 में दुनिया के कई बड़े अरबपतियों की संपत्ति में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. टॉप-20 अरबपतियों में से 7 लोगों की नेटवर्थ इस साल घटी है. इनमें बर्नार्ड अर्नॉल्ट की संपत्ति में सबसे ज्यादा 44 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज हुई है. इसके अलावा स्टीव बाल्मर, लैरी एलिसन, बिल गेट्स, वॉरेन बफेट, अमांसियो ऑर्टेगा और मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी कमी देखी गई है.
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति कौन हैं?
दुनियाभर के अमीरों की लिस्ट में एलन मस्क अभी भी पहले स्थान पर बने हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 656 अरब डॉलर बताई गई है. दूसरे स्थान पर लैरी पेज हैं, जिनकी नेटवर्थ 286 अरब डॉलर है. इसके अलावा टॉप-10 सूची में जेफ बेजोस, सर्गेई ब्रिन, मार्क जुकरबर्ग, लैरी एलिसन, माइकल डेल, जेंसन हुआंग, बर्नार्ड अर्नॉल्ट और जिम वाल्टन जैसे नाम शामिल हैं.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं