DA Hike 3 Percent Expected: केंद्र सरकार के 49 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और 69 लाख के करीब पेंशनर्स के लिए केंद्र सरकार ने पिछले दिनों 2% DA-DR बढ़ोतरी का ऐलान किया. इससे उनका DA-DR 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है. यानी केंद्रीय कर्मियों को उनके मूल वेतन (Basic Salary) का 60% DA के तौर पर मिलेगा. ये जनवरी 2026 से लागू होगा और एरियर यानी पिछले 4 महीने के बकाये के साथ, इस महीने यानी मई की सैलरी में जोड़कर मिलने वाला है. ये तो हो गई, जनवरी वाले DA-DR हाइक की बात. अब बारी है, जुलाई वाले DA-DR बढ़ोतरी की. उम्मीद जताई जा रही है कि जुलाई 2026 में महंगाई भत्ता करीब 3% तक बढ़ाया जा सकता है. ये सुगबुगाहट और चर्चा शुरू होने के पीछे AICPI-IW के ताजा आंकड़े हैं, जिसका कैलकुलेशन महंगाई भत्ता के 60% से बढ़ाकर 63% तक किए जाने की ओर इशारा कर रहा है.
केंद्र सरकार, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता साल में 2 बार बढ़ाती है. जनवरी वाले DA Hike यानी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान केंद्रीय कैबिनेट ने पिछले महीने किया. इसी तरह संभावना जताई जा रही है कि जुलाई से लागू होने वाले DA Hike के ऐलान में भी देरी हो सकती है. हालांकि केंद्रीय कर्मचारियों के एक तबके को उम्मीद है कि केंद्र सरकार, उनका महंगाई भत्ता 60% से बढ़ाकर 63% कर सकती है.

AICPI-IW के आंकड़े पर निर्भर करती है DA बढ़ोतरी?
जैसा कि हमने ऊपर बताया कि महंगाई भत्ते मं 3% बढ़ोतरी की चर्चा शुरू होने के पीछे AICPI-IW के ताजा आंकड़े एक बड़ी वजह हैं. AICPI-IW यानी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स यानी अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक जो कि कर्मचारियों के लिए महंगाई का स्टैंडर्ड तय करते हैं. ये आंकड़े दिखाते हैं कि कर्मचारियों के लिए महंगाई कितनी बढ़ी है और उसके आधार पर महंगाई भत्ता कितना बढ़ाया जाना चाहिए.

क्या 3% महंगाई भत्ता बढ़ाएगी सरकार?
सवाल यही है कि क्या केंद्र सरकार आगे 3% महंगाई भत्ता बढ़ाएगी. अगर ऐसा होता है तो आंकड़ा 63 फीसदी पहुंच जाएगा. यानी केंद्रीय कर्मियों को उनकी बेसिक सैलरी का 63% महंगाई भत्ते के रूप में मिलेगा. ऐसी उम्मीद क्यों जताई जा रही है, इसे समझने के लिए हमने ऑल इंडिया NPS एंप्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मंजीत सिंह पटेल से कैलकुलेशन समझने की कोशिश की. डॉ सिंह ने बताया-
- CPI-IW डेटा: मार्च 2026 के लिए जो ताजा आंकड़े जारी हुए हैं, उनके अनुसार, CPI-IW जो है, वो 0.6 अंक बढ़कर 149.1 पर पहुंच गया है.
- CPI-IW अनुमान: अप्रैल 2026 में भी यही हाल रहा तो CPI-IW फिर से 0.6 अंक बढ़कर 149.7 पर पहुंच सकता है और फिर मई 2026 में 150.3 पर और जून 2026 में 150.9 पर पहुंच सकता है.
- DA पर असर: इस बढ़ोतरी का सीधा असर केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के जुलाई 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) पर पड़ सकता है.
- वर्तमान स्थिति: अभी तक के तीन महीनों के आंकड़ों के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना का स्कोर 61.94% तक पहुंच चुका है.
- भविष्य का अनुमान: सटीक आंकड़े आने वाले तीन महीनों (अप्रैल, मई और जून) के सूचकांक पर निर्भर करेंगे.
- संभावित वृद्धि: यदि अगले तीन महीनों तक महंगाई सूचकांक में कोई बदलाव नहीं होता और ये स्थिर भी रहता है, तो भी जुलाई 2026 से महंगाई भत्ता 63% होने का अनुमान है.

63.63% तक पहुंच सकता है स्कोर, लेकिन नहीं पहुंचा तो..
डॉ मंजीत सिंह पटेल ने हालांकि ये भी बताया फिलहाल कैलकुलेशन अनुमान आधारित हैं. अभी मार्च तक के आंकड़े आए है और अभी अप्रैल, मई और जून के ऑरिजिनल आंकड़े आने हैं. उन्होंने कहा कि शुरुआती तीन महीनों के कैलकुलेशन के हिसाब से महंगाई भत्ते का स्कोर फिलहाल 61.94% तक पहुंच चुका है. अनुमान के मुताबिक, आंकड़ा 63.63% तक पहुंच सकता है. नियमानुसार, दशमलव के बाद का अंक छोड़ दें तो ये 63% होता है.
उन्होंने कहा कि जुलाई के सटीक आंकड़े अगले तीन महीनों (अप्रैल, मई और जून) के इंडेक्स पर निर्भर करेंगे. अगर अगले तीन महीनों तक महंगाई सूचकांक में कोई बदलाव नहीं होता और यह स्थिर भी रहता है, तो पूरी संभावना है कि जुलाई 2026 से महंगाई भत्ता बढ़कर 63% हो जाएगा. लेकिन अगर महंगाई कम हुई तो DA बढ़ोतरी कम भी हो सकती है.

ये भी पढ़ें: होटलों में खाना 10% महंगा, सिलेंडर का बिल भी ग्राहकों के सिर फूटेगा! केवल महंगी LPG ही नहीं, 3 और वजहें भी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं