Britannia Share Dividend Date: देश की दिग्गज FMCG कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज (Britannia Industries) के निवेशकों के लिए गुड न्यूज है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) के शानदार नतीजे पेश किए हैं. चौथी तिमाही में कंपनी ने न केवल मुनाफे में 21% की शानदार छलांग लगाई है, बल्कि नतीजों का ऐलान करते हुए अपने शेयरधारकों के लिए इतिहास के सबसे बड़े डिविडेंड का पिटारा भी खोल दिया है. कंपनी के बोर्ड ने हर शेयर पर ₹90.50 का बंपर मुनाफा देने का फैसला किया है, जिससे निवेशकों की लॉटरी लगने वाली है.
अगर आपके पोर्टफोलियो में भी ब्रिटानिया का शेयर है, तो कंपनी के इस रिकॉर्ड डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट नोट कर लीजिए.
शेयरधारकों के लिए तोहफा, रिकॉर्ड ₹90.50 का डिविडेंड
ब्रिटानिया ने अपने शेयरधारकों को जबरदस्त रिटर्न देते हुए ₹90.50 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है. यह कंपनी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड है.कंपनी ने इसके लिए 31 जुलाई 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है.AGM में मंजूरी मिलने के बाद, टैक्स काटकर डिविडेंड की राशि तय समय सीमा के भीतर शेयरधारकों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी.
मुनाफे और रेवेन्यू में मजबूत ग्रोथ
बता दें कि चौथी तिमाही में ब्रिटानिया का प्रदर्शन काफी दमदार रहा है. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.1% बढ़कर ₹678 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹560 करोड़ था. वहीं, रेवेन्यू 6.5% की बढ़त के साथ ₹4,719 करोड़ पर पहुंच गया.इसके साथ ही EBITDA भी 5.9% बढ़कर ₹853 करोड़ रहा, हालांकि मार्जिन मामूली रूप से घटकर 18.1% रहा.
1 महीने में ब्रिटानिया का शेयर 5% चढ़ा
बीते दिन चौथी तिमाही के नतीजों और डिविडेंड के ऐलान के बाद स्टॉक मार्केट में ब्रिटानिया के शेयरों में तेजी देखी गई. यह शेयर 1.77% (₹102.50) उछलकर ₹5,885.50 पर बंद हुआ था.
पिछले 1 महीने में ब्रिटानिया को निवेशकों को करीब 5.20% का मुनाफा हुआ है.अगर पिछले 1 साल के रिटर्न की बात कें तो कंपनी ने एक साल में 9.17% का रिटर्न दिया है, जिससे निवेशकों के प्रति शेयर लगभग ₹494 का फायदा हुआ है.
ये भी पढ़ें- क्या आपके पास भी है बजाज ऑटो का शेयर? मुनाफे और रेवेन्यू में भारी उछाल के बाद कंपनी देने जा रही है ₹150 का डिविडेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं