नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण' को लेकर पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और को-फाउंडर संजीव बिजली ने अपनी राय रखी है. एनडीटीवी के साथ खास बातचीत में उन्होंने फिल्म को बड़े पर्दे के लिए बनी एक शानदार सिनेमाई पेशकश बताया. बिजली के मुताबिक, फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स, भव्यता और 3डी अनुभव ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है. उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया अब तक काफी अच्छी रही है और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक चल रहा है. उन्हें उम्मीद है कि फिल्म भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर सकती है.
संजीव बिजली ने बताया कि उन्होंने फिल्म रिलीज के दिन यानी 5 नवंबर को ही इसे देखा था. हालांकि, उन्हें रात 10 बजे का शो मिला था, जबकि आमतौर पर वह इस समय तक सो जाते हैं. उन्होंने इस बात को दिलचस्प अंदाज में साझा करते हुए कहा, “मुझे रात 10 बजे का शो मिला. वहां भी मेरा कोई पुल नहीं चला. मुझे 10 बजे का शो मिला, जबकि मैं आमतौर पर रात 10 बजे तक बिस्तर पर पहुंच जाता हूं. मैंने सोचा कि रात 10 बजे का शो कैसे देख पाऊंगा, जो सुबह 1:30 बजे खत्म होगा. लेकिन फिर भी मैं फिल्म देखने गया.”
बिजली ने बताया कि उन्होंने फिल्म 3डी में देखी और उन्हें इसका अनुभव इतना अच्छा लगा कि समय का पता ही नहीं चला. उन्होंने कहा, “मैंने फिल्म देखी और मुझे पता ही नहीं चला कि रात के 1:30 कब बज गए, क्योंकि मुझे फिल्म बेहद पसंद आई. मुझे लगता है कि यह ऐसी फिल्म है जो सिर्फ सिनेमाघरों के लिए बनाई गई है और इसका असली आनंद थिएटर में ही लिया जा सकता है. इसके स्पेशल इफेक्ट्स, भव्यता और 3डी विजुअल्स ने मुझे बेहद प्रभावित किया. मैं फिल्म देखकर दंग रह गया. यह निश्चित रूप से मेरी पसंदीदा फिल्मों में से एक है.”
उन्होंने फिल्म की सफलता का एक और दिलचस्प पैमाना बताते हुए कहा कि कोई फिल्म देखने के बाद कितने समय तक दर्शकों के साथ रहती है, यह भी मायने रखता है. बिजली के मुताबिक, ‘रामायण' उन फिल्मों में से है जो उनके साथ अगले एक-दो दिन तक रही. उन्होंने कहा, “मेरे लिए सफलता वह फिल्म है जो अगले एक-दो दिन तक मेरे भीतर रहती है और जिसका संगीत मैं लगातार सुनता रहता हूं. ‘रामायण' मेरे लिए ऐसी ही फिल्म रही.”
बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक चल रही है ‘रामायण'
फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और अब तक हुई कमाई को लेकर पूछे जाने पर संजीव बिजली ने कहा कि बतौर एग्जिबिटर और थिएटर चेन के संचालक उन्हें फिल्म का बिजनेस सही दिशा में जाता दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक, फिल्म को लेकर जो अनुमान लगाए गए थे, वह उन आंकड़ों तक पहुंचती नजर आ रही है. इतना ही नहीं, दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए इसके अनुमानित कारोबार से आगे निकलने की भी संभावना है.
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ‘रामायण' अपने ट्रैक पर है. हमने जो अनुमान लगाए थे, फिल्म निश्चित रूप से वहां तक पहुंचेगी. जितने दर्शकों के आने का अनुमान लगाया था, उससे ज्यादा लोग भी सिनेमाघरों में आ सकते हैं.”
बिजली ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उन्होंने जिन लोगों से फिल्म के बारे में बात की है, उनमें से ज्यादातर को फिल्म पसंद आई है. उनके मुताबिक, ‘रामायण' ऐसा विषय है जिससे देश का लगभग हर व्यक्ति बचपन से परिचित है. लोगों ने बचपन से इसकी कहानियां सुनी हैं और टेलीविजन पर इसके अलग-अलग संस्करण भी देखे हैं. यही वजह है कि फिल्म को लेकर हर किसी की अपनी राय और अपेक्षाएं हैं.
उन्होंने ‘धुरंधर' और ‘रामायण' के बीच अंतर बताते हुए कहा, “धुरंधर बिल्कुल नई फिल्म है. हम उसके बारे में कुछ नहीं जानते थे, लेकिन रामायण के तो हमने पता नहीं कितने संस्करण देखे हैं. इसलिए इस फिल्म को लेकर हर किसी की अपनी राय होगी.” हालांकि, इसके बावजूद उन्हें फिल्म को लेकर अलग-अलग उम्र और वर्ग के दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.
बिजली ने कहा, “मैंने जिन लोगों से बात की है, उन सभी को बड़े स्तर पर फिल्म पसंद आई है. युवा हों या बुजुर्ग, हर उम्र के लोगों ने इसे पसंद किया है. मुझे लगता है कि फिल्म में अभी भी काफी दम है. यह आगे भी चलती रहेगी और अच्छा कारोबार करेगी.”
भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई की उम्मीद
संजीव बिजली का मानना है कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर अभी खत्म नहीं हुआ है और इसमें आगे भी अच्छा कारोबार करने की क्षमता है. उन्होंने भारत में इसके कारोबार को लेकर बड़ा अनुमान भी जताया.
उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि फिल्म भारत में 1000 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा का कारोबार करे. फिलहाल मैं इसके इंटरनेशनल कलेक्शन पर नजर नहीं रख रहा हूं, लेकिन भारत में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना अपने आप में शानदार उपलब्धि होगी. मुझे लगता है कि फिल्म में वे सभी तत्व मौजूद हैं, जो इसे एक बड़ी फिल्म बना सकते हैं.”
इस तरह संजीव बिजली ने बतौर दर्शक फिल्म के सिनेमाई अनुभव की तारीफ की, वहीं बतौर एग्जिबिटर इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर भी भरोसा जताया. उनके बयान से साफ है कि थिएटर कारोबार से जुड़े लोगों को ‘रामायण' से आगे भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं