विज्ञापन

Zeenat Aman Birthday: जीनत अमान के नाम के पीछे छिपी है पिता की कहानी, जानें क्यों चुना था 'अमान' सरनेम

जीनत अमान को दुनिया एक ग्लैमरस बॉलीवुड स्टार के रूप में जानती है, लेकिन उनके नाम के पीछे छिपी कहानी बेहद भावुक है. बहुत कम लोग जानते हैं कि जीनत का असली सरनेम कुछ और था. आखिर ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने अपने नाम के साथ 'अमान' जोड़ लिया?

Zeenat Aman Birthday: जीनत अमान के नाम के पीछे छिपी है पिता की कहानी, जानें क्यों चुना था 'अमान' सरनेम
बहुत कम लोग जानते हैं जीनत अमान के नाम का राज

जीनत अमान का जन्म 19 नवंबर 1951 को मुंबई में हुआ. उनका जन्म के समय नाम जीनत खान था. उनके पिता अमानुल्लाह खान और मां वर्धिनी सिंधिया थीं. दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी और जल्द ही उन्होंने शादी कर ली. हालांकि, दोनों परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं थे. जीनत ने बाद में बताया था कि उनके पिता एक मुस्लिम परिवार से थे, जबकि उनकी मां हिंदू थीं. उनके माता-पिता का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और जीनत जब करीब दो साल की थीं, तभी दोनों अलग हो गए. इसके बाद वह अपनी मां के साथ रहने लगीं.

जीनत के पिता अमानुल्लाह खान ने शुरुआत में अभिनय की दुनिया में काम किया था, लेकिन बाद में वह लेखन की तरफ मुड़ गए. उन्होंने हिंदी सिनेमा की कई चर्चित फिल्मों के लिए काम किया. जीनत ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता ने 'मुगल-ए-आजम' (1960) और 'पाकीजा' (1972) के स्क्रीनप्ले और डायलॉग लिखे थे. वह उर्दू भाषा के अच्छे जानकार और शायर भी थे. उनके पास शब्दों का अच्छा खजाना था और उन्होंने उर्दू में कई कविताएं भी लिखी थीं.

अभिनेत्री के पास आज भी उनकी लिखी कविताओं का एक कलेक्शन है, जिसे वह अनुवाद करवाकर प्रकाशित करना चाहती हैं. अमानुल्लाह खान लेखन के क्षेत्र में 'अमान' नाम से भी पहचाने जाते थे. जीनत ने इसी नाम को अपना सरनेम बनाने का फैसला किया. इस तरह जीनत खान आगे चलकर जीनत अमान बन गईं. उनके लिए यह सिर्फ नाम बदलने का फैसला नहीं था, बल्कि पिता से जुड़ी यादों और उनकी पहचान को अपने साथ रखने का एक तरीका भी था.

जीनत अक्सर अपने पिता के साथ बिताए पलों को भी साझा करती रहती हैं. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि वह कभी-कभी पिता से मिलने जाती थीं. वह उनके साथ लंबी सैर पर निकलती थीं और इस दौरान पिता उन्हें आइसक्रीम खिलाते थे. अमानुल्लाह खान उन्हें कहानियां और उर्दू की कविताएं सुनाया करते थे. कई बार वह जीनत के लिए खुद भी कविताएं लिखा करते थे. वह उनकी मां और उन्हें अंग्रेजी में खूबसूरत चिट्ठियां भी लिखा करते थे.

जीनत को अपने पिता के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिला. जब वह करीब 13 साल की थीं, तभी महज 41 साल की उम्र में अमानुल्लाह खान का निधन हो गया. अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में इस बात का अफसोस भी जताया था कि वह अपने पिता को बड़े होने के बाद और करीब से नहीं जान पाईं.

ये भी पढ़ें: दारा सिंह की 3 ख्वाहिशें, जिसे सुन पीएम नेहरू मिलने को हो गए थे मजबूर, दिलचस्प है कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Zeenat Aman, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com