विज्ञापन

‘प्रहार’ के लिए वामिका गब्बी ने की उज्ज्वल निकम की पत्नी ज्योति से मुलाकात, राजकुमार राव ने बताया उनके बलिदान का अनसुना किस्सा

फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ में राजकुमार राव देश के चर्चित वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि वामिका गब्बी उनकी पत्नी ज्योति निकम के किरदार में नजर आएंगी.

‘प्रहार’ के लिए वामिका गब्बी ने की उज्ज्वल निकम की पत्नी ज्योति से मुलाकात, राजकुमार राव ने बताया उनके बलिदान का अनसुना किस्सा
‘प्रहार’ के लिए वामिका गब्बी ने की उज्ज्वल निकम की पत्नी ज्योति से मुलाकात
NDTV

फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में राजकुमार राव देश के चर्चित वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि वामिका गब्बी उनकी पत्नी ज्योति निकम के किरदार में नजर आएंगी. फिल्म में जहां उज्ज्वल निकम की कानूनी लड़ाइयों और उनके बेबाक अंदाज को दिखाया गया है, वहीं उनकी पत्नी की भूमिका भी अहम है, जिन्होंने निजी जिंदगी में कई चुनौतियों के बीच उनका साथ दिया. अपने किरदार को समझने के लिए वामिका ने ज्योति निकम से मुलाकात की और यह जानने की कोशिश की कि एक ऐसे व्यक्ति की पत्नी के रूप में उनकी जिंदगी कैसी रही, जो देश के कई चर्चित मामलों में पैरवी करते रहे.

‘उनके खामोश रहने के पीछे क्या चल रहा है, यह समझना जरूरी था'

वामिका गब्बी ने बताया कि उज्ज्वल निकम और उनकी पत्नी ज्योति की शख्सियत एक-दूसरे से काफी अलग है. जहां उज्ज्वल निकम बेबाक हैं और अपनी बात खुलकर रखते हैं, वहीं ज्योति शांत स्वभाव की हैं और परिवार को साथ लेकर चलती हैं. वामिका के मुताबिक, दोनों के व्यक्तित्व में यही अंतर उन्हें एक-दूसरे का मजबूत सहारा बनाता है.

वामिका ने कहा, “ये जितने बेबाक हैं और जिस तरह बात करते हैं, उनकी आवाज जितनी बुलंद है, ज्योति जी उतनी ही शांत हैं और सबको साथ लेकर चलने वाली हैं. ये तो वन-मैन आर्मी हैं, लेकिन घर पर वह परिवार संभाल रही हैं. दोनों में बहुत अंतर है, लेकिन देखिए, दोनों का यह अंतर कितना जरूरी है. इसी वजह से वह उन्हें उस तरह से सपोर्ट कर पाती हैं और उनकी ताकत बन पाती हैं.”

अभिनेत्री ने बताया कि ज्योति निकम से पहली मुलाकात में उनके लिए यह संभव नहीं था कि वह उनसे हर बात ऐसे पूछ सकें, जैसे दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानती हों. इसलिए उन्होंने बातचीत के जरिए उनके अनुभवों और भावनाओं को समझने की कोशिश की.

वामिका ने कहा, “मैं उनसे पहली बार मिल रही थी. मैं पहले ही दिन उनकी बेस्ट फ्रेंड कैसे बन जाती? मैंने जितना हो सकता था, उनसे सवाल पूछकर यह समझने की कोशिश की कि वह कैसा महसूस करती थीं. मुझे समझ आया कि वह कितनी मजबूत हैं, उनमें कितना धैर्य है और वह उज्ज्वल जी से कितना प्यार करती हैं.”

वामिका के मुताबिक, ज्योति के किरदार को निभाने के लिए उनके मन की भावनाओं को समझना सबसे ज्यादा जरूरी था. उन्होंने कहा, “उनके भीतर क्या चल रहा है, उनके खामोश रहने के पीछे क्या है, मेरे लिए उसे समझना ज्यादा जरूरी था.”

राजकुमार राव ने बताया ज्योति निकम के त्याग का किस्सा

फिल्म को लेकर बातचीत के दौरान राजकुमार राव ने ज्योति निकम के जीवन से जुड़ा एक ऐसा पहलू भी साझा किया, जो उनके त्याग और समर्पण को दिखाता है. उन्होंने बताया कि जिस दौरान उज्ज्वल निकम अपने काम में व्यस्त थे, उस समय उनकी पत्नी कैंसर से जूझ रही थीं. लेकिन उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में पति को नहीं बताया, क्योंकि उन्हें डर था कि यह जानकर उज्ज्वल निकम तनाव में आ जाएंगे और उनका ध्यान काम से हट सकता है.

राजकुमार राव ने कहा, “इतने बड़े-बड़े सैक्रिफाइस इनके भी हैं. आपको पता चले कि आपकी पत्नी को कैंसर हो गया है और वह आपको बताए भी नहीं, क्योंकि उन्हें लगता है कि मैं अगर बताऊंगी तो ये तनाव में आ जाएंगे और इनका काम से ध्यान हट जाएगा. किसी को नहीं बताया उन्होंने.”

ज्योति निकम का यह किस्सा दिखाता है कि उज्ज्वल निकम की जिंदगी की कहानी केवल अदालतों में लड़ी गई कानूनी लड़ाइयों तक सीमित नहीं है. इसके पीछे परिवार का साथ, धैर्य और ऐसे निजी संघर्ष भी हैं, जिनके बारे में आम तौर पर कम बात होती है.

मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी और अविनाश अरुण के निर्देशन में तैयार ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में राजकुमार राव और वामिका गब्बी के जरिए इस रिश्ते के अलग-अलग पहलुओं को पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा. फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PRAHAR, Ujjwal Nikam, Ujjwal Nikam Biopic, Rajkummar Rao, Wamiqa Gabbi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com