बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अपनी पहचान बना ली थी. उन्हीं नामों में एक हैं सिंगर, अभिनेता और टीवी होस्ट आदित्य नारायण. बचपन से ही उनकी आवाज और अभिनय ने लोगों का दिल जीत लिया था. कम उम्र में मिली लोकप्रियता ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी उतनी ही जल्दी उनके जीवन में आ गईं. एक इंटरव्यू में आदित्य ने बताया था कि उन्हें महज 7 साल की उम्र में इनकम टैक्स तक भरना पड़ता था. यह बात सुनकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि जिस उम्र में बच्चे स्कूल और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में आदित्य पेशेवर कलाकार बन चुके थे.
आदित्य नारायण का जन्म 6 अगस्त 1987 को मुंबई में हुआ. उनके पिता मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण हैं, जबकि उनकी मां दीपा नारायण भी गायिका रही हैं. संगीत का माहौल उन्हें बचपन से ही मिला. यही कारण था कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही गाना शुरू कर दिया. उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार कल्याणजी वीरजी शाह से संगीत की शुरुआती शिक्षा ली और 'लिटिल वंडर्स' के मंच पर प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई.
आदित्य ने 1992 में नेपाली फिल्म 'मोहिनी' के लिए पहला गीत गाया. इसके बाद, उन्होंने 1995 में फिल्म 'अकेले हम अकेले तुम' में पहली बार पिता उदित नारायण के साथ गाना गाया. उनकी आवाज लोगों को पसंद आने लगी और धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में भी मौके मिलने लगे. निर्देशक सुभाष घई ने एक शो में उनकी प्रस्तुति देखकर उन्हें फिल्म 'परदेस' में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर मौका दिया. इसके बाद वह 'जब प्यार किसी से होता है' जैसी फिल्मों में भी नजर आए.
बतौर बाल गायक आदित्य ने 100 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी. फिल्म मासूम का गीत 'छोटा बच्चा जान के' उनकी सबसे बड़ी पहचान बना. यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ बाल गायक के लिए पुरस्कार भी मिला. बचपन में मिली इस सफलता ने उन्हें देश के सबसे लोकप्रिय चाइल्ड आर्टिस्ट्स में शामिल कर दिया.
इसी दौर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा आदित्य ने एक पॉडकास्ट में साझा किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने इतनी छोटी उम्र में कमाना शुरू कर दिया था कि सिर्फ 7 साल की उम्र में इनकम टैक्स भरना पड़ता था. उस समय उन्हें पैसों की असली कीमत समझ नहीं आती थी. उन्हें कम उम्र में मिली सफलता के कारण यह एहसास भी नहीं था कि इतनी कम उम्र में टैक्स भरना कितनी बड़ी बात होती है. बाद में जब वह बड़े हुए, तब समझ आया कि बचपन में उन्होंने कितनी बड़ी जिम्मेदारियां निभाई थीं.
बचपन की सफलता के बाद आदित्य ने बड़े कलाकार के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश की. साल 2010 में फिल्म 'शापित' में उन्होंने मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाई. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन इसमें उनके गाए और लिखे गए गानों की सराहना हुई. इसके बाद उन्होंने फिल्मों की बजाय संगीत और टेलीविजन की दुनिया पर ज्यादा ध्यान दिया.
आदित्य ने टीवी होस्ट के रूप में नई पहचान बनाई. 'सा रे गा मा पा' से शुरुआत करने के बाद उन्होंने 'इंडियन आइडल' जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो होस्ट किए. उनकी हाजिरजवाबी, अंदाज और प्रतिभागियों के साथ जुड़ने की कला को दर्शकों ने खूब पसंद किया. वह 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी' जैसे शो में कंटेस्टेंट के रूप में भी नजर आए. निजी जीवन की बात करें तो आदित्य नारायण ने साल 2020 में अभिनेत्री श्वेता अग्रवाल से शादी की. साल 2022 में दोनों पहले बेबी का स्वागत किया. पिता बनने के बाद आदित्य कई इंटरव्यू में कह चुके हैं कि परिवार अब उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं