बॉलीवुड में कई मेल सुपरस्टार्स हुए लेकिन महिला सुपरस्टार्स की संख्या कम रही. इनमें एक नाम जो टॉप पर आता है, वो है श्रीदेवी का. श्रीदेवी ने अपने करियर में खुदा गवाह, चांदनी, लम्हे, चालबाज और इंग्लिश-विगलिंग जैसी कई सफल फिल्में दी. लेकिन हैरानी की बात ये है कि उन्होंने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान, शाहरुख और आमिर खान के साथ काफी कम काम किया. आमिर के साथ उन्होंने एक भी फिल्म नहीं की. सलमान खान के साथ दो फिल्में की, वहीं शाहरुख के साथ सिर्फ एक फिल्म की. इस फिल्म में भी शाहरुख का गेस्ट अपीयरेंस था.
कौन सी है वो फिल्म?
शाहरुख और श्रीदेवी ने एक ही फिल्म साथ की है, वो है 1996 की फिल्म आर्मी. इस फिल्म में श्रीदेवी ने 'शोले' के संजीव कुमार वाला रोल निभाया था. श्रीदेवी अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए कुछ गुंडों को काम पर रखती हैं, जो एक अच्छे मकसद के लिए एक होते हैं. यह बदले की एक ऐसी कहानी है, जिसे 'वन-वूमन आर्मी' ने जबरदस्त ड्रामेटिक तेवर देकर एक अलग ही ऊंचाई पर पहुंचा दिया.
पहली बार शाहरुख ने लगाई मूंछें
शाहरुख ने 'आर्मी' में श्रीदेवी के पति का रोल निभाया था. उन्होंने फिल्म में कैमियो किया था. इस फिल्म में शाहरुख ने पहली और आखिरी बार मूंछें रखने के लिए भी हामी भर दी थी. यह एकमात्र फिल्म थी जिसमें श्रीदेवी और शाहरुख साथ आए. और यही वह एकमात्र मौका था जब उन्होंने श्रीदेवी के पति के तौर पर सही दिखने के लिए अपने चेहरे पर मूंछें लगाने के लिए हामी भरी. शाहरुख ने खुद एक इंटरव्यू में कहा था कि "उनके अपोजिट कास्ट होने के लिए मैं दाढ़ी लगा लेता, गालों पर पांच तिल बना लेता और पेट पर तकिया भी बांध लेता."
दर्शकों ने की शिकायत
फिल्म देखने के बाद ज्यादातर दर्शकों को ठगा हुआ महसूस हुआ क्योंकि शाहरुख खान का फिल्म में सिर्फ एक स्पेशल रोल था. दर्शकों ने आरोप लगाया कि प्रोड्यूसर्स ने पोस्टर्स और ट्रेलर के जरिए लोगों को गुमराह किया, जिससे ऐसा लग रहा था कि शाहरुख का फिल्म में अहम रोल है.
फिल्म ने की दोगुनी कमाई
शाहरुख खान ने यह फिल्म सिर्फ इसलिए साइन की थी ताकि वह श्रीदेवी के साथ काम कर सकें. एक्शन डायरेक्टर राम शेट्टी ने 'आर्मी' फिल्म से डायरेक्टर के तौर पर अपना डेब्यू किया. फिल्म 4 करोड़ के लागत में बनी थी और लगभग 6.58 करोड़ नेट और वर्ल्डवाइड लगभग 11.34 करोड़ का बिजनेस किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं