फिल्म ‘जय हिंद, जय सिंध: अ लव स्टोरी' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने लगी है. फिल्म का पहला गाना ‘रूबरू' रिलीज हो गया है और इसी के साथ फिल्म की म्यूजिकल जर्नी भी शुरू हो गई है. गाने में डेब्यू कर रहे कलाकार गौरव्व ढींगरा और अकैशा वत्स के बीच की प्यारी और रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है. बर्फ से ढकी खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माया गया यह गाना प्यार में पड़ने की मासूमियत और उस एहसास को दिखाता है, जब दो लोग धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आते हैं.
बर्फीली वादियों में दिखी प्यार की कहानी
‘रूबरू' का वीडियो अपनी खूबसूरत लोकेशन के कारण भी ध्यान खींचता है. बर्फ से ढके पहाड़ों और ठंडी वादियों के बीच गौरव्व और अकैशा के किरदारों के बीच बढ़ती नजदीकियों को दिखाया गया है. गाने में प्यार की शुरुआत से जुड़ी खुशी और मासूम भावनाओं को जगह दी गई है. फिल्म की कहानी प्रेम, रिश्तों, पहचान और अपनी जड़ों से जुड़ी है. ऐसे में ‘रूबरू' दर्शकों को फिल्म की रोमांटिक दुनिया की पहली झलक देता है.
MD इरफान और शिवानी शर्मा ने दी आवाज
‘रूबरू' को जे. अनूप सीलिन ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार कुमार ने लिखे हैं. गाने को एमडी इरफान और शिवानी शर्मा ने अपनी आवाज दी है. शांत और रोमांटिक धुन के साथ भावुक बोल गाने को एक सुकून भरा एहसास देते हैं. यह गाना फिल्म के म्यूजिक एल्बम की शुरुआत भी है. मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म के आगे आने वाले गाने भी कहानी के अलग-अलग भावनात्मक पहलुओं को सामने लाएंगे.
इन कलाकारों से सजी है फिल्म
सैमी नानवानी के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म का निर्देशन इंद्रजीत लंकेश ने किया है. फिल्म में महेश मांजरेकर, जया प्रदा, छाया कदम, राहुल देव, विक्रम कोचर, जरीना वहाब, अमित बहल और इंदिरा तिवारी समेत कई कलाकार नजर आएंगे. फिल्म के जरिए गौरव्व ढींगरा और अकैशा वत्स बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं. ‘जय हिंद, जय सिंध: अ लव स्टोरी' को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में पैन-इंडिया थिएट्रिकल रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है. वहीं, ‘रूबरू' अब प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं