विज्ञापन

29 पुराना वो गाना, जो 2 साल तक रहा दूरदर्शन के चित्रहार की शान, हर बुधवार लोग करते थे इंतजार, उदित नारायण-पूर्णिमा ने बनाया यादगार

करिश्मा कपूर और गोविंदा का 29 साल पुराना ये गाना आज भी 90s के फैंस के बीच खास जगह रखता है. ‘हीरो नंबर 1’ के इस सुपरहिट डांस नंबर में दोनों की जबरदस्त केमिस्ट्री और एनर्जी ने इसे ऐसा पार्टी एंथम बनाया, जिसकी धुन सुनते ही कदम थिरकने लगते हैं.

29 पुराना वो गाना, जो 2 साल तक रहा दूरदर्शन के चित्रहार की शान, हर बुधवार लोग करते थे इंतजार, उदित नारायण-पूर्णिमा ने बनाया यादगार
हर बुधवार को चित्रहार में सुनाई देता था करिश्मा-गोविंदा का यह गाना

90 के दशक में कुछ गाने ऐसे बने, जिन्हें सुनते ही उस दौर की यादें ताजा हो जाती हैं. उस समय न आज की तरह यूट्यूब था और न ही मोबाइल पर मनपसंद गाने देखने की सुविधा. लोग अपने पसंदीदा गानों के लिए टीवी के सामने बैठकर इंतजार करते थे. दूरदर्शन का म्यूजिक शो ‘चित्रहार' भी लोगों के मनोरंजन का बड़ा जरिया था. हर बुधवार प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में नए और लोकप्रिय फिल्मी गाने दिखाए जाते थे. इन्हीं गानों में एक था गोविंदा और करिश्मा कपूर पर फिल्माया गया ‘सोना कितना सोना है', जिसने 90 के दशक में खूब धूम मचाई थी. 1997 में आई फिल्म ‘हीरो नंबर 1' का यह गाना आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है.

गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी ने गाने में डाली जान

‘सोना कितना सोना है' डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हीरो नंबर 1' का गाना है. फिल्म में गोविंदा और करिश्मा कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. इनके अलावा कादर खान, परेश रावल, शक्ति कपूर, हिमानी शिवपुरी और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे. फिल्म की कॉमेडी और गोविंदा के खास अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया था.

गाने में गोविंदा और करिश्मा की मस्ती, शानदार डांस और दोनों की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली. यही वजह थी कि यह गाना रिलीज होते ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया. उस दौर में टीवी पर इसके आने का इंतजार भी खूब किया जाता था.

उदित नारायण और पूर्णिमा की आवाज का जादू

इस गाने को लोकप्रिय बनाने में इसके संगीत और गायकी का भी बड़ा योगदान रहा. ‘सोना कितना सोना है' को उदित नारायण और पूर्णिमा ने गाया था. इसके संगीतकार आनंद-मिलिंद थे, जबकि गाने के बोल समीर ने लिखे थे. उदित नारायण की आवाज और गोविंदा का अंदाज एक-दूसरे के साथ खूब जमे. वहीं पूर्णिमा की गायकी ने गाने को और भी खास बना दिया.

आज भी पार्टियों में खूब बजता है गाना

फिल्म रिलीज होने के बाद यह गाना लंबे समय तक टीवी और रेडियो पर सुनाई देता रहा. 1997 में यह साल के चर्चित डांस नंबरों में शामिल था और 1998 की शुरुआत तक भी इसकी लोकप्रियता बनी रही. करीब 29 साल बाद भी इस गाने का क्रेज कम नहीं हुआ है. शादियों से लेकर पार्टियों तक में यह खूब बजता है. इसकी धुन शुरू होते ही लोग खुद को थिरकने से रोक नहीं पाते.

ये भी पढ़ें: 36 साल पुराना रूपा गंगुली का सुपरहिट गाना, 90s के मम्मी-पापा का था फेवरेट, रेडियो-टीवी पर खूब थी डिमांड, अनुराधा पौडवाल की आवाज में अमर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karisma Kapoor, Govinda, Sona Kitna Sona Hai, Udit Narayan, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com