करीना कपूर बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिनके करियर में कई ऐसी फिल्में और गाने हैं, जो समय बीतने के साथ और भी यादगार होते गए. अपनी फिल्मों के साथ-साथ करीना सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े खास पलों की तस्वीरें और वीडियो फैंस के साथ शेयर करती हैं. कुछ समय पहले करीना ने कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनके बैकग्राउंड में 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘अशोका' का मशहूर गाना ‘सन सनाना' सुनाई दे रहा था. यह गाना करीना के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें वह खुद शाहरुख खान के साथ नजर आई थीं.
‘अशोका' में कौरवकी बनी थीं करीना
साल 2001 में रिलीज हुई संतोष सिवन की फिल्म ‘अशोका' में शाहरुख खान ने सम्राट अशोक का किरदार निभाया था, जबकि करीना कपूर कौरवकी के रोल में नजर आई थीं. फिल्म में दोनों की प्रेम कहानी को भी दिखाया गया था. उस समय करीना अपने करियर के शुरुआती दौर में थीं और ‘अशोका' उनके लिए एक बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक थी. फिल्म को भारत के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी प्रदर्शित किया गया था.
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
‘सन सनाना' में दिखा था करीना का अलग अंदाज
‘सन सनाना' फिल्म के सबसे चर्चित गानों में से एक रहा. इसे अलका याग्निक और हेमा सरदेसाई ने अपनी आवाज दी थी. गाने के बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था. फिल्म में यह गाना कौरवकी यानी करीना कपूर के किरदार को एक अलग अंदाज में पेश करता है. गाने में करीना का लुक भी काफी अलग था. काजल से सजी आंखें, ट्रेडिशनल कॉस्ट्यूम और झरने के बीच फिल्माया गया यह सीक्वेंस उस दौर में काफी पसंद किया गया था. गाने की शूटिंग महाराष्ट्र के कसारा घाट के पास स्थित विहीगांव झरने में हुई थी, जिसे बाद में लोग ‘अशोका वॉटरफॉल' के नाम से भी जानने लगे.
20 साल बाद फिर सोशल मीडिया पर छाया गाना
‘सन सनाना' की लोकप्रियता सिर्फ 2001 तक सीमित नहीं रही. कई साल बाद यह गाना सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हुआ और इस पर बड़ी संख्या में रील्स बनाई गईं. खासकर गाने के साथ किए जाने वाले ट्रेडिशनल मेकअप और लुक्स ने इसे नई पीढ़ी के बीच भी लोकप्रिय बना दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 में गाने पर पांच लाख से ज्यादा रील्स बनने की बात सामने आई थी.
करीना के लिए क्यों खास है ‘अशोका'?
करीना के करियर के लिहाज से भी ‘अशोका' खास फिल्म रही. फिल्म में उनका लुक और किरदार दोनों उस समय की उनकी बाकी फिल्मों से काफी अलग थे. फिल्म के लिए करीना को फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नामांकन भी मिला था. वहीं ‘सन सनाना' के लिए अलका याग्निक को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर के लिए फिल्मफेयर नॉमिनेशन मिला था.
यह भी कहा जाता है कि कौरवकी के किरदार के लिए पहले शाहरुख खान की पसंद ऐश्वर्या राय बच्चन बताई जाती हैं. बाद में यह रोल करिश्मा कपूर को ऑफर हुआ, लेकिन उनके मना करने के बाद उनकी छोटी बहन करीना कपूर इस किरदार का हिस्सा बनीं. यही वजह है कि जब आज भी ‘सन सनाना' बजता है, तो लोगों के जेहन में सबसे पहले ‘अशोका' की कौरवकी बनी करीना कपूर का वही खूबसूरत अंदाज सामने आ जाता है. और करीना का अपनी तस्वीरों के साथ इस गाने को चुनना बताता है कि करीब ढाई दशक पुरानी इस फिल्म और इसके गाने से उनका जुड़ाव आज भी कायम है. वहीं करीना भी कई बार यह बता चुकी हैं कि यह उनका फेवरेट गाना है और वे इसे कहीं भी और कभी भी सुन सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं