सितंबर 2026 में हॉलीवुड भारतीय सिनेमाघरों में हल्लाबोल करने जा रहा है. गर्मियों के ब्लॉकबस्टर दौर के बाद थिएटर्स में एक्शन, हॉरर, फैंटेसी और पुरानी यादों का मेल देखने को मिलेगा. इस महीने हॉलीवुड की 5 प्रमुख फिल्में रिलीज हो रही हैं. इनमें हर वो मसाला देखने को मिलेगा जिसकी इन दिनों ओटीटी से लेकर सिनेमाघरों तक में डिमांड है. वैसे भी पिछले दिनों में हॉरर मूवी ऑब्सेशन, क्रिस्टोफर नोलन की द ओडिसी, स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे और ईवल डेड बर्न जैसी फिल्मों ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की थी. आइए नजर डालते हैं कि सितंबर के इस महीने में हॉलीवुड की कौन से मसाले बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने को तैयार हैं.
ऑनस्लॉट: सुपर सोल्जर्स के खिलाफ एक मां की लड़ाई
4 सितंबर को रिलीज होने वाली ऑनस्लॉट एडम विंगार्ड निर्देशित एक्शन-स्लैशर है. एड्रिया अर्जोना इसमें आर्मी स्नाइपर सेलेस्टे का किरदार निभा रही हैं. जेनेटिकली इंजीनियर सुपर सोल्जर्स जब रेगिस्तान में खून की प्यास लेकर उतरते हैं, तो सेलेस्टे को अपनी बेटी की रक्षा के लिए जानलेवा मुकाबला करना पड़ता है. डैन स्टीवंस, रेबेका हॉल और माइकल बेहेन भी कास्ट में हैं. ये 92 मिनट की आर-रेटेड फिल्म है.
द फॉल 2 डेडपॉइंट: जिंदा रहने की जंग
11 सितंबर को द फॉल-2: डेडपॉइंट आएगी. यह 2022 की हिट फिल्म फॉल का सीक्वल है. स्पीरिग ब्रदर्स के निर्देशन में बनी यह सर्वाइवल थ्रिलर ऊंचाई के डर को नई ऊंचाई तक ले जाती है. हैरियट स्लेटर बहन की मौत के बाद थाईलैंड के माउंट क्वान पर खतरनाक चढ़ाई करती हैं. अर्सेमा थॉमस उसके साथ है. चट्टान खिसकने के बाद दोनों हजारों फीट ऊपर एक पतली प्लैंक पर फंस जाती हैं. लायंसगेट की यह फिल्म शानदार सिनेमैटोग्राफी और तनावपूर्ण सीक्वेंस के साथ दर्शकों को बांधने की ताकत रखती है.
रेजिडेंट ईविल: रैकून सिटी में नया आतंक
18 सितंबर को रेजिडेंट ईविल आएगी. यह कैपकॉम के मशहूर वीडियो गेम फ्रैंचाइजी का नया रीबूट है. जैक क्रेगर निर्देशित फिल्म में ऑस्टिन अब्राम्स ब्रायन का किरदार निभा रहे हैं. वह एक मेडिकल कूरियर है, जिसे रैकून सिटी जनरल हॉस्पिटल में डिलीवरी करनी है. तभी वायरस आउटब्रेक शुरू हो जाता है और शहर म्यूटेंट से भर जाता है. पॉल वॉल्टर हाउजर, काली रीस और जैक चेरी भी इसमें हैं. लगभग 90 मिनट की आर-रेटेड फिल्म एक्शन से भरपूर होगी.
प्रैक्टिकल मैजिक 2: ओवेन्स बहनों का जादुई वापसी
18 सितंबर को ही प्रैक्टिकल मैजिक भी रिलीज होगी, जो 1998 की कल्ट क्लासिक का सीक्वल है. सैंड्रा बुलक और निकोल किडमैन फिर से सैली और गिलियन ओवेन्स बहनों के रूप में लौट रही हैं. सुसान बियर निर्देशित फिल्म 25 साल बाद की कहानी बताती है, जिसमें परिवार पर लगा प्राचीन शाप फिर सिर उठाता है. जोई किंग और मेजी विलियम्स सैली की बेटियों का किरदार निभा रही हैं. एलिस हॉफमैन के उपन्यास 'द बुक ऑफ मैजिक' पर आधारित यह फैंटेसी-ड्रामा जादू, बहनों के रिश्ते और पारिवारिक रहस्यों को मिलाएगी.
एवेंजर्स एंडगेम एनकोर: पुरानी यादें, नई जंग की तैयारी
25 सितंबर को 'एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' सिनेमाघरों में लौटेगी. 2019 की रिकॉर्ड तोड़ने वाली फिल्म की यह विशेष री-रिलीज आईमैक्स और इन्फिनिटी विजन फॉर्मेट में होगी. रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस इवांस और बाकी कास्ट के साथ एंथनी और जो रुसो की फिल्म थानोस के खिलाफ आखिरी लड़ाई दिखाती है. एनकोर वर्जन में नया इंट्रो, एक्सट्रा फुटेज और खास एंड टैग जोड़ा गया है, जो दिसंबर में आने वाली एवेंजर्स: डूम्सडे से जुड़ा है. रनटाइम करीब 185 मिनट है. मार्वल इस री-रिलीज को अगले अध्याय की तैयारी के तौर पर पेश कर रहा है. इसने 2019 में 2,65,79,38,79,700 रुपये (2,65,793 करोड़ रुपये) कमाए थे.
सितंबर 2026 हॉलीवुड के लिए महत्वपूर्ण महीना साबित हो सकता है. एक्शन से लेकर हॉरर, फैंटेसी और सुपरहीरो नॉस्टैल्जिया तक हर तरह का मनोरंजन उपलब्ध होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं