विज्ञापन

AI से नहीं, उसके गलत इस्तेमाल से है खतरा, बोले 'गदर 2' निर्देशक अनिल शर्मा

हाल ही में एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में अभिनेत्री कृति सैनन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर खुलकर बातचीत की थी. इस दौरान एआई से पैदा होने वाले खतरों से लेकर इसके फायदों तक पर चर्चा हुई.

AI से नहीं, उसके गलत इस्तेमाल से है खतरा, बोले 'गदर 2' निर्देशक अनिल शर्मा
AI से नहीं, उसके गलत इस्तेमाल से है खतरा, बोले 'गदर 2' निर्देशक अनिल शर्मा
NDTV

हाल ही में एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में अभिनेत्री कृति सैनन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर खुलकर बातचीत की थी. इस दौरान एआई से पैदा होने वाले खतरों से लेकर इसके फायदों तक पर चर्चा हुई. इसके बाद एक बार फिर फिल्म जगत में एआई के इस्तेमाल को लेकर बहस तेज हो गई है. सोशल मीडिया पर भी इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि क्या एआई आने वाले समय में फिल्म निर्माण का तरीका पूरी तरह बदल देगा? ‘रामायण' जैसी फिल्मों में तकनीक के इस्तेमाल ने भी इस बहस को और हवा दी है.

नई तकनीक विकास का रास्ता बंद नहीं करती

इसी सिलसिले में एनडीटीवी ने निर्देशक अनिल शर्मा से उनकी फिल्म ‘अर्जुन नागा' के सेट पर बातचीत की और जानना चाहा कि वह एआई को किस नजरिए से देखते हैं और क्या उन्हें लगता है कि यह फिल्म जगत के लिए खतरा बन सकता है?

अनिल शर्मा ने 80 के दशक में फिल्म जगत में कदम रखा था. तब से लेकर आज तक फिल्म निर्माण की तकनीक में कई बड़े बदलाव आए हैं और उन्होंने इन सभी बदलावों को करीब से देखा और अपनाया है. उनकी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर 2' रही है. अनिल शर्मा का मानना है कि नई तकनीक कभी विकास का रास्ता बंद नहीं करती, बल्कि दुनिया को आगे बढ़ाती है. उनके मुताबिक एआई भी ऐसी ही एक तकनीक है, जिसे डरने के बजाय अपनाने की जरूरत है.

एआई के इस्तेमाल पर बोले अनिल शर्मा

एआई के इस्तेमाल पर बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा, “जब मैं नया-नया फिल्म जगत में आया था और 1980-81 में करीब 21-22 साल की उम्र में मैंने ‘श्रद्धांजलि' बनाई थी, तब नया-नया वीडियो आया था. उस समय भी लोग कहते थे कि अब फिल्म इंडस्ट्री खत्म हो जाएगी. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. मेरा मानना है कि जब भी कोई नई चीज आती है और विकास होता है, तो वह दुनिया को आगे बढ़ाता है, पीछे नहीं ले जाता. धीरे-धीरे हम उसे अपनाना सीख जाते हैं.”

वह आगे कहते हैं, “आज जो बच्चे पैदा हो रहे हैं, वे एआई के साथ बड़े हो रहे हैं. आने वाले समय में तो दिमाग में चिप लगनी शुरू हो जाएंगी और इंसान एक अलग तरीके से एआई के साथ काम करेगा. विकास हमेशा आपकी कामयाबी और आपकी सहायता के लिए होता है, न कि आपको बिगाड़ने या बर्बाद करने के लिए. शर्त सिर्फ इतनी है कि आप उसे अपनाना चाहें. हर दिन एक नया दिन होता है और हमें हर नई चीज को अपनाते रहना चाहिए. फिर यह सवाल ही नहीं उठेगा कि कोई नई तकनीक हमारे लिए फायदेमंद है या नहीं.”

अनिल शर्मा का कहना है कि एआई और दूसरी नई तकनीकों ने फिल्म निर्माण को पहले के मुकाबले काफी आसान बना दिया है. अपनी फिल्म ‘अर्जुन नागा' में भी वह नई तकनीक और वीएफएक्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. वह बताते हैं कि वीएफएक्स का इस्तेमाल वह अपनी फिल्म ‘महाराजा' के समय से करते आ रहे हैं और इस तकनीक के साथ काम करते हुए उन्हें करीब 25-30 साल हो चुके हैं.

वीएफएक्स की उपयोगिता पर क्या बोले

फिल्म निर्माण में एआई और वीएफएक्स की उपयोगिता बताते हुए उन्होंने कहा, “आज इन तकनीकों का इस्तेमाल मेरे लिए बहुत मददगार है. अब आपको हर चीज के लिए बाहर जाकर शूटिंग करने की जरूरत नहीं पड़ती. आप काफी कुछ इंडोर शूट करके भी बेहतर बना सकते हैं और चीजों को अपने नियंत्रण में रख सकते हैं.”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें एआई फिल्म जगत के लिए खतरा लगता है, तो उन्होंने कहा कि एआई अपने आप में कोई खतरा नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अगर इसके इस्तेमाल को लेकर सही नियम और कानून नहीं बनाए गए तो भविष्य में यह परेशानी पैदा कर सकता है.

एआई का क्या खतरा है?

अनिल शर्मा ने कहा, “एआई खतरा है ही नहीं. एआई का क्या खतरा है? चैटजीपीटी आने से पहले हमें कोई जानकारी खोजने में कितना समय लगता था और आज कितनी आसानी से हम वह काम कर सकते हैं. हां, एआई खतरा तब बन सकता है, जब इसके लिए नए नियम और कानून सही तरीके से नहीं बनाए जाएंगे. समय के साथ एआई खतरा बन सकता है, यह बात तो सभी कह रहे हैं. अगर इसके लिए सही कानून नहीं बने और कोई नई चीज आती है, तो उसके लिए नियम-कानून बनाने ही पड़ते हैं. जैसे फिल्मों की पाइरेसी को लेकर कानून बने और नियम आए, तो काफी हद तक उस पर नियंत्रण हुआ. अभी एआई को लेकर ऐसे कानून नहीं बने हैं. जब कानून बन जाएंगे, तो एआई बहुत ज्यादा मददगार साबित होगा.”

फिलहाल एआई का फिल्म जगत पर भविष्य में क्या असर पड़ेगा, यह आने वाला वक्त ही बताएगा. लेकिन अनिल शर्मा की बातों से साफ है कि वह इस तकनीक को फिल्म निर्माण के लिए खतरे के तौर पर नहीं देखते. उनका मानना है कि एआई से आज काम आसान हुआ है और अगर भविष्य में इसके इस्तेमाल को लेकर उचित नियम और कानून बना दिए जाते हैं, तो यह फिल्म जगत के लिए एक बड़ी मदद साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें | Exclusive: ‘ धुरंधर' के बाद अर्जुन रामपाल की तारीफों पर बोले राहुल मित्रा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Sharma, Anil Sharma Film, Anil Sharma Director, Anil Sharma Gadar, Anil Sharma Hit Movies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com