विज्ञापन

दूरदर्शन का 32 साल पुराना शो जिसे कुमार सानू ने दी आवाज, एक दिन में जन्मे दो बच्चों की कहानी, एक बना राजकुमार एक गरीब, IMDb रेटिंग 8.5

90 के दशक में दूरदर्शन पर आए सीरियल ‘किस्मत’ ने अपनी दिलचस्प कहानी और कुमार सानू के सुरीले टाइटल ट्रैक से दर्शकों का दिल जीत लिया था. 64 एपिसोड वाले इस शो को IMDb पर 8.5 रेटिंग मिली है.

दूरदर्शन का 32 साल पुराना शो जिसे कुमार सानू ने दी आवाज, एक दिन में जन्मे दो बच्चों की कहानी, एक बना राजकुमार एक गरीब, IMDb रेटिंग 8.5
दूरदर्शन के शो किस्मत को कुमार सानू ने दी थी आवाज

90 के दशक में दूरदर्शन का अपना अलग ही दौर था. उस समय टीवी पर आने वाले सीरियल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं थे, बल्कि पूरे परिवार की दिनचर्या का हिस्सा हुआ करते थे. रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों के बाद भी दूरदर्शन पर कई ऐसे शो आए, जिन्होंने अपनी कहानियों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. ऐसा ही एक सीरियल था ‘किस्मत', जिसका टाइटल ट्रैक आज भी लोगों को पुराने दिनों की याद दिलाता है. खास बात यह है कि इस गाने को मशहूर गायक कुमार सानू ने अपनी आवाज दी थी. सालों बाद इसका गाना सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में है.

64 एपिसोड में दर्शकों का पसंदीदा बना शो

हम बात कर रहे हैं साल 1994 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए सीरियल ‘किस्मत' की. इस शो में सीमा कपूर, मंगल ढिल्लन, किरण जुनेजा और कंवलजीत सिंह जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. सीरियल की कहानी और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. यही वजह थी कि महज 64 एपिसोड में इस शो ने अपनी अलग पहचान बना ली. आज भी 90 के दशक के टीवी शोज की बात होती है, तो ‘किस्मत' का जिक्र जरूर आता है. IMDb पर भी इस शो को 8.5 की शानदार रेटिंग मिली हुई है.

एक ही दिन जन्मे दो बच्चों की कहानी

इस सीरियल की कहानी भी काफी दिलचस्प थी. इसमें एक ही दिन जन्म लेने वाले दो बच्चों की जिंदगी दिखाई गई थी, लेकिन दोनों की किस्मत बिल्कुल अलग होती है. एक बच्चा राजकुमार बनता है, जबकि दूसरा गरीबी में अपना जीवन बिताता है. कहानी के जरिए यह दिखाया गया कि जन्म के समय एक जैसी परिस्थितियां होने के बावजूद इंसान की जिंदगी किस तरह अलग रास्तों पर आगे बढ़ सकती है. यही उतार-चढ़ाव दर्शकों को शो से जोड़े रखते थे.

कुमार सानू के गाने ने भी जीता दिल

‘किस्मत' की लोकप्रियता में इसके टाइटल ट्रैक का भी बड़ा योगदान था. इसे कुमार सानू ने अपनी सुरीली आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत दिलीप सेन और समीर सेन ने तैयार किया था. गाने के बोल और धुन ऐसी थी कि यह सीरियल खत्म होने के बाद भी लोगों की यादों में बना रहा.

ये भी पढ़ें: 26 साल पुराना कविता कृष्णमूर्ति का गाना, जिसमें करिश्मा बनी थीं हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत बंजारन, एआर रहमान ने दिया था यादगार म्यूजिक

हाल ही में 90 के दशक से जुड़े एक इंस्टाग्राम पेज ने इस शो का टाइटल ट्रैक शेयर किया, जिसके बाद लोगों ने खूब प्रतिक्रियाएं दीं. किसी ने इसे अपनी रिंगटोन बनाने की इच्छा जताई, तो किसी को स्कूल और कॉलेज के दिन याद आ गए. कई लोगों ने बताया कि यह सीरियल उनके बचपन की खास यादों में शामिल है. यही वजह है कि 32 साल बाद भी ‘किस्मत' का जिक्र होते ही पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Doordarshan, TV, Kismat Serial, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com