म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी के बाद अब उनके वेडिंग रिसेप्शन की चर्चा हो रही है. 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधे इस कपल ने आज 21 नवंबर को चेन्नई में अपने वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया है. इस खास मौके पर रिसेप्शन की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है, जिसमें नवविवाहित जोड़ी बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आ रही है. काव्या ने इस मौके के लिए लाल रंग का खूबसूरत आउटफिट चुना, वहीं अनिरुद्ध मैरून रंग की कढ़ाईदार शेरवानी में दिखाई दिए. दोनों की जोड़ी एक साथ बेहद शानदार लग रही है.
चेन्नई के आईटीसी ग्रैंड चोला होटल में आयोजित इस रिसेप्शन में फिल्म इंडस्ट्री, क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. समारोह में शामिल होने के लिए कई मशहूर सितारे चेन्नई पहुंचे. एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में सिद्धार्थ, अदिति राव हैदरी और महेश बाबू जैसे कलाकार अपने परिवार के साथ नजर आए. इन सितारों की मौजूदगी ने इस समारोह को और खास बना दिया है.
காவியா கலாநிதி மாறன் - அனிருத் ரவிச்சந்தர் திருமண வரவேற்பு புகைப்படம் ❤️❤️❤️ #SunNews | #KaviyaMaran | #Anirudh | #KaviyaAnirudhReception https://t.co/xkmFdVDCmh
— Sun News (@sunnewstamil) November 21, 2026
एयरपोर्ट पर दिखे क्रिकेट जगत के दिग्गज
अनिरुद्ध और काव्या के रिसेप्शन में सिर्फ फिल्मी सितारे ही नहीं, बल्कि क्रिकेट की दुनिया के जाने-माने चेहरे भी पहुंच रहे हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन, डेनियल विटोरी और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन को भी चेन्नई एयरपोर्ट पर देखा गया. इन क्रिकेटरों की मौजूदगी की वजह से यह समारोह मनोरंजन के साथ-साथ खेल जगत की भी बड़ी हस्तियों का मिलन बन गया है.
ग्रीस में हुई थी अनिरुद्ध-काव्या की शादी
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने 11 नवंबर को ग्रीस में शादी की थी. शादी के कुछ दिनों बाद अनिरुद्ध ने समारोह की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा था, ‘मेरे लिए सबसे जादुई पल.' तस्वीरों में दोनों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली थी. कहीं अनिरुद्ध अपनी पत्नी को गले लगाते नजर आए तो कहीं दोनों हाथों में हाथ डाले मेहमानों के बीच चलते दिखाई दिए. एक तस्वीर में अनिरुद्ध मंच पर परफॉर्म करते दिखे और काव्या भी उनके साथ इस जश्न का हिस्सा बनीं. एक फैमिली फोटो में दोनों अपने माता-पिता के साथ नजर आए.
क्या होती है सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज?
इस शादी की एक खास बात यह भी रही कि कपल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के बजाय ‘सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज' का विकल्प चुना. डीएमके नेता डॉ. टीआरबी राजा ने इसकी पुष्टि की थी. इस विवाह पद्धति की जड़ें पेरियार ईवी रामासामी के सामाजिक सुधार आंदोलन से जुड़ी हैं. इसमें शादी करने वाले जोड़े एक-दूसरे को माला और चेन पहनाकर विवाह की घोषणा करते हैं. इस परंपरा में समानता, आपसी सहमति और व्यक्तिगत गरिमा को महत्व दिया जाता है. तमिलनाडु में साल 1967 में इस तरह की शादी को कानूनी मान्यता मिली थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं