विज्ञापन

सुपर 30 की कहानी सुनते-सुनते खुद को भूल जाते थे ऋतिक रोशन, आनंद कुमार ने सुनाया सुपर 30 का किस्सा

ऋतिक रोशन और आनंद कुमार के बीच का रिश्ता सिर्फ अभिनेता और किरदार का नहीं था. आनंद कुमार ने खुलासा किया कि सुपर 30 की कहानी पर चर्चा करते हुए ऋतिक इतने खो जाते थे कि कई बार चप्पल पहनना तक भूल जाते थे, वहीं एक बार उन्होंने आनंद कुमार को अपना गुरु मानकर उनके पैर भी छुए थे.

सुपर 30 की कहानी सुनते-सुनते खुद को भूल जाते थे ऋतिक रोशन, आनंद कुमार ने सुनाया सुपर 30 का किस्सा
स्टारडम भूल आनंद कुमार के पीछे-पीछे नंगे पैर चल पड़े थे ऋतिक रोशन

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन द्वारा गणितज्ञ आनंद कुमार की नई शैक्षणिक पहल ‘सुपर इन्फिनिटी' की सराहना किए जाने के बाद सुपर 30 के संस्थापक ने फिल्म ‘सुपर 30' के निर्माण के दिनों की कुछ दिलचस्प और भावुक यादें साझा की हैं. ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर सुपर इन्फिनिटी की प्रशंसा करते हुए लिखा कि आनंद सर ही पढ़ाई को इतना मनोरंजक बना सकते हैं. उन्होंने इस नई पहल के लिए आनंद कुमार को बधाई भी दी.

आनंद कुमार ने कहा, “जब मेरे जीवन पर फिल्म बनाने की बातचीत चल रही थी, तब बॉलीवुड के कई बड़े सितारों से मेरी मुलाकात हुई थी. लेकिन ऋतिक जी की एक बात ने मुझे बहुत प्रभावित किया. जब भी हम फिल्म की कहानी पर चर्चा करते, वह उसमें इतने डूब जाते थे कि कई बार मुझे छोड़ने अपने अपार्टमेंट के नीचे तक चले आते और उन्हें ध्यान ही नहीं रहता कि उन्होंने पैरों में चप्पल भी नहीं पहनी है. तब मुझे एहसास हुआ कि कोई कलाकार अपने काम के प्रति कितना समर्पित हो सकता है.”

उन्होंने एक और भावुक प्रसंग याद करते हुए कहा, “एक बार गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ऋतिक जी पटना में थे. उन्होंने मुझसे कहा कि सर, मैं आपको अपना गुरु मानता हूं. मैंने आपसे बहुत कुछ सीखा है. इतना कहकर उन्होंने मेरे पैर छू लिए. मैं उस पल को आज तक नहीं भूल पाया हूं.” आनंद कुमार ने कहा, “ऋतिक जी जितने बड़े कलाकार हैं, उतने ही विनम्र इंसान भी हैं. उनकी यही सादगी और अपने काम के प्रति समर्पण मेरे मन में उनके लिए सम्मान को और बढ़ाता है.”

उन्होंने कहा कि फिल्म ‘सुपर 30' के माध्यम से ऋतिक रोशन ने उनकी संघर्ष यात्रा को दुनिया के लाखों लोगों तक पहुंचाया था और अब सुपर इन्फिनिटी के लिए उनका प्रोत्साहन दुनिया भर के बच्चों तक गणित को रोचक और सुलभ बनाने के संकल्प को नई ताकत देता है.

ये भी पढ़ें: एक रात, एक नवविवाहिता और कई खौफनाक राज...ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 'गोंधल' का हिंदी ट्रेलर रिलीज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hrithik Roshan, Entertainment, Super 30, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com