बटवारा 1947 को लेकर चर्चा में छाए सनी देओल ने हाल मे अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर में बड़ा ही चौंकाने वाला खुलासा किया. सनी ने उस भारी वक्त को याद किया जब उन पर करोड़ों का कर्ज था. सनी ने बताया कि उन्होंने उस घड़ी में किस तरह खुद को संभाला था. सनी देओल ने अपनी आर्थिक तंगी के दिनों के बारे में खुलकर बात की. वो समय जब फिल्म डायरेक्ट और प्रोड्यूस करने के बाद उन पर करीब 55.99 करोड़ का कर्ज चढ़ा हुआ था. एक्टर ने बताया कि इस कर्ज की वजह से उनकी मुंबई की प्रॉपर्टी के लिए ई-ऑक्शन (ई-नीलामी) का नोटिस जारी हुआ था.
सनी देओल ने बताया कि यह रकम उनकी अपनी आर्थिक जिम्मेदारियों से जुड़ी थी. हालांकि, एक्टर ने कहा कि उन्होंने कभी भी पैसों को अपने फैसलों पर हावी नहीं होने दिया और कर्ज के दौर में भी खुश रहे. 2023 में 'गदर 2' को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलने के कुछ ही समय बाद, एक बैंक ने सनी के विला (जुहू स्थित प्रॉपर्टी) के लिए ई-ऑक्शन का नोटिस जारी किया था. यह नोटिस 55.99 करोड़ रुपये के बकाया और ब्याज के कारण जारी किया गया था. बाद में सनी के रकम चुकाने पर सहमति जताने के बाद यह नोटिस वापस ले लिया गया.
शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बात करते हुए सनी ने कहा, "मैं सिर्फ पैसों के लिए बहुत कुछ नहीं कर सकता. लेकिन सच कहूं तो मैं बहुत खुश हूं. जब मैं कर्ज में था तब भी मैं बहुत खुश था. मैं अपनी जिंदगी जी रहा था." कर्ज के बारे में साफ करते हुए एक्टर ने कहा कि उन पर किसी का व्यक्तिगत कर्ज नहीं था और वे अपनी आर्थिक जिम्मेदारियों के लिए खुद जिम्मेदार थे. उन्होंने कहा, "जो पैसा मुझे चुकाना था, वह मेरा अपना था. मैंने इसे किसी से उधार नहीं लिया था. मुझ पर किसी का कोई बकाया नहीं था. मुझे बस अपनी ही प्रॉपर्टी बेचकर पैसा चुकाना था."

सनी के बकाया रकम चुकाने पर सहमत होने के बाद बैंक ने ई-ऑक्शन का नोटिस वापस ले लिया. एक्टर ने यह लोन 2016 की एक्शन फिल्म 'घायल रिटर्न्स' को प्रोड्यूस करते समय लिया था. इस फिल्म को उन्होंने डायरेक्ट भी किया था और इसमें एक्टिंग भी की थी. 'घायल रिटर्न्स' सनी के तीन डायरेक्टोरियल वेंचर्स में से दूसरी थी. इससे पहले उन्होंने 1999 की रोमांटिक ड्रामा 'दिल्लगी' डायरेक्ट की थी. इसमें वे अपने छोटे भाई बॉबी देओल के साथ नजर आए थे. बाद में उन्होंने 2019 की रोमांटिक फिल्म 'पल पल दिल के पास' डायरेक्ट की, जिससे उनके बेटे करण देओल ने एक्टिंग में डेब्यू किया था.
हालांकि तीनों में से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई, जिससे एक्टर पर काफी आर्थिक दबाव पड़ा. उसी पॉडकास्ट में 68 साल के एक्टर ने उस दौर को याद किया जब 2000 के दशक की शुरुआत में अपनी फिल्मों की सफलता के बाद उन्हें सही सब्जेक्ट और फिल्ममेकर्स खोजने में मुश्किल हो रही थी.

2001 को याद करते हुए, सनी ने बताया कि 'गदर' - जो आमिर खान की 'लगान' के साथ रिलीज हुई थी. एक बड़ी हिट साबित हुई और देश में लगभग 77 करोड़ रुपये कमाए. उन्होंने उसी साल बाद में रिलीज हुई फिल्म 'इंडियन' के परफॉर्मेंस का भी जिक्र किया, जिसने भारत में लगभग 43 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 'लगान' ने 34 करोड़ रुपये कमाए थे.
सनी ने दावा किया, "गदर के साथ-साथ मैंने 'इंडियन' भी दी जो 'लगान' और उस समय की बाकी सभी फिल्मों से कहीं ज्यादा बड़ी हिट थी. इसने 'लगान' से दो से तीन गुना ज्यादा बिजनेस किया. 'गदर' ने तो उससे भी कहीं ज्यादा कमाई की."
यह भी पढ़ें: 63 साल पहले आया था गुलजार का पहला गाना, नूतन की सादगी और लता मंगेशकर की आवाज ने बना दिया सदाबहार
हालांकि इन सक्सेसफुल फिल्मों के बावजूद सनी ने कहा कि कॉर्पोरेट स्टूडियो के आने और फिल्में बनाने के तरीके में बदलाव के साथ उनके करियर की दिशा बदल गई. उन्होंने कहा, "अचानक कॉर्पोरेट आ गए और फिल्म इंडस्ट्री का फॉर्मेट बदलने लगा. लेकिन उसके बाद, पता नहीं क्यों मुझे सही सब्जेक्ट और मेकर्स नहीं मिल रहे थे." सनी ने अपनी 2005 की फिल्म 'जो बोले सो निहाल' से जुड़ी मुश्किलों को भी याद किया, जिसे विरोध और राजनीतिक विवाद के बाद हटा लिया गया था. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं ने भी उनके करियर की दिशा पर असर डाला था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं