'बाहुबली: द बिगिनिंग', 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' और 'आरआरआर' की दुनिया भर में मिली ऐतिहासिक कामयाबी के बाद, विज़नरी फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली अपनी अगली महा-फिल्म 'वाराणसी' के साथ एक और बड़े सिनेमाई धमाके की तैयारी कर रहे हैं, जो एक बार फिर भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है.'वाराणसी' फिलहाल बन रही भारतीय फिल्मों में सबसे बड़ी और सबसे बेसब्री से इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक है. विज़नरी फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली के डायरेक्शन में बन रही यह एक्शन-एडवेंचर फिल्म अगले साल थिएटर्स में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिन्होंने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर एक नई पहचान दिलाई है. महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन की लीड रोल वाली इस फिल्म से उम्मीद की जा रही है कि यह राजामौली के उसी खास बड़े स्केल, शानदार विजुअल्स और कमाल की स्टोरीटेलिंग को पर्दे पर लेकर आएगी.
ये भी पढ़ें; दिलीप कुमार की वो फिल्म जिसे जयललिता से लेकर सायरा बानो तक ने कर दिया था रिजेक्ट, मजबूरी में हीरोइन बनी ये एक्ट्रेस
कब खत्म होगी फिल्म की शूटिंग
एनेसी एनिमेशन फेस्टिवल के 'वर्क-इन-प्रोग्रेस' पैनल में "बाहुबली: द इटरनल वॉर" के मेकर्स को इंट्रोड्यूस करने के बाद, राजामौली ने अपनी फिल्म "वाराणसी" के प्रोग्रेस के बारे में बात की. उन्होंने कहा, "मैं बस इतना कह सकता हूं कि हमने शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया है, और सभी जरूरी और बड़े स्केल वाले एक्शन सीक्वेंस भी शूट हो चुके हैं. अभी हम छोटे और आपस में जुड़े हुए सीन्स की शूटिंग कर रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि सितंबर या अक्टूबर की शुरुआत तक हम पूरी शूटिंग खत्म कर लेंगे."
आईमैक्स फॉर्मेट में शूट हुई फिल्म
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या फिल्म को आईमैक्स (Imax) फॉर्मेट में शूट करने की वजह से उनके क्रिएटिव अप्रोच पर कोई असर पड़ा, तो राजामौली ने कहा कि यह बिल्कुल इसके उलट था. उन्होंने कहा, "शुरुआत से ही हम जानते थे कि हमने जो सीक्वेंस सोचे हैं, उन्हें आईमैक्स फॉर्मेट में ही सबसे बेहतर तरीके से दिखाया जा सकता है, हमने सिर्फ फॉर्मेट के लिए किसी भी चीज में बदलाव नहीं किया," और साथ ही उन्होंने बताया कि जो भी एडजस्टमेंट किए गए थे, वे बेहद मामूली थे. "चूंकि हमारी आंखों को सिनेमास्कोप फॉर्मेट में शूट करने की आदत है, जिसे जाहिर तौर पर मैं बहुत पसंद करता हूं, इसलिए हम बस यह सोच रहे थे कि हमें इसे इस तरह फ्रेम करना है कि यह आईमैक्स और सिनेमास्कोप (एनामॉर्फिक फ्रेमिंग) दोनों में अच्छा दिखे. शुरुआत के कुछ दिनों में इसमें थोड़ा एडजस्टमेंट करना पड़ा, लेकिन फिर हम समझ गए कि इसे कैसे करना है."
जहां एक तरफ "वाराणसी" पर काम आगे बढ़ रहा है. 2027 में "वाराणसी" की रिलीज का समय संयोग से हैदराबाद शहर में आईमैक्स थिएटर की वापसी के साथ बिल्कुल सही बैठ रहा है. राजामौली ने इस बारे में बड़े उत्साह से बात करते हुए कहा, "यह बिल्कुल सही समय है कि हैदराबाद में आईमैक्स थिएटर्स आ रहे हैं, क्योंकि मेरे लिए हैदराबाद और तेलुगु भाषी राज्यों आंध्र और तेलंगाना के लोग पूरी दुनिया में सबसे बड़े सिनेमा प्रेमी हैं."
कब रिलीज होगी फिल्म
'वाराणसी' से महेश बाबू का रुद्र के रूप में दमदार लुक, पृथ्वीराज सुकुमारन का कुंभ के रूप में बेहद इंटेंस फर्स्ट लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनास का मंदाकिनी के रूप में रौबदार अवतार पहले ही सामने आ चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और पूरे देश में इस फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. इन शानदार झलकियों ने उम्मीदों को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है, और अब फैंस की बेताबी चरम पर है क्योंकि दर्शक 7 अप्रैल 2027 को थिएटर्स में रिलीज होने वाले इस भव्य सिनेमाई धमाके का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं