टीवीएफ ने कई शानदार सीरीज दी हैं, जिन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया है. इनमें से एक है पंचायत, जिसका चौथा सीजन रिलीज हुआ और देशभर के दर्शकों से जबरदस्त सराहना मिली. अब जहां फैंस अगले सीजन का इंतजार कर रहे हैं, वहीं पंचायत सीजन 4 ने NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में बड़ी जीत हासिल की है. सीरीज ने बेस्ट सीरीज और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का अवॉर्ड अपने नाम किया, जबकि चंदन कुमार को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी के लिए सम्मानित किया गया.
ये भी पढ़ें; स्पाइडर-मैन के साथ दिखे केएल राहुल, वीडियो ने मचाई हलचल
क्या बोले मेकर्स
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पंचायत सीजन 4 की इस बड़ी जीत का जश्न मनाते हुए लिखा,'पंचायत सीजन 4 की पूरी टीम को NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट सीरीज जीतने की बहुत-बहुत बधाई और चंदन कुमार को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी (सीरीज) का अवॉर्ड जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं! पूरी टीम का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने पंचायत सीजन 4 को इस मुकाम तक पहुंचाया. प्राइम वीडियो का भी शुक्रिया, जिन्होंने उन कहानियों पर भरोसा किया और उनका साथ दिया, जो लाखों लोगों के दिलों तक पहुंचीं. और सबसे आखिर में, हर उस दर्शक का धन्यवाद, जिनके प्यार ने इस सफर को मुमकिन बनाया.
पंचायत की शुरुआत
साल 2020 में शुरू हुई पंचायत ने गांव की जिंदगी को बेहद सादगी और सच्चाई के साथ दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया. एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के गांव के पंचायत सचिव बनने और वहां की जिंदगी से जुड़ी कहानी लोगों को खूब पसंद आई. समय के साथ यह सीरीज एक कल्चरल फिनॉमेनन बन गई. इसकी सादगी, हास्य, भावनात्मक कहानी और अपने जैसे लगने वाले किरदारों ने इसे खास बना दिया. यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कलाकारों से मुलाकात के दौरान पंचायत का जिक्र किया था.
पंचायत को कई बड़े अवॉर्ड्स में भी सम्मान मिला है. सीरीज ने दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2025, पहले आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2025 और आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स 2026 समेत कई मंचों पर सम्मान हासिल किया. अवॉर्ड्स के अलावा पंचायत सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त लोकप्रिय रही और इसने जितेंद्र कुमार, फैसल मलिक, अशोक पाठक, दुर्गेश कुमार समेत कई कलाकारों को घर-घर में पहचान दिलाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं