विज्ञापन

सलमान खान ने ‘रामायण’ के वीएफएक्स पर उठ रहे सवालों पर दिया करारा जवाब, बोले- चर्चा राम, रावण और सीता की होनी चाहिए

सलमान खान ने रणबीर कपूर की फिल्म रामायण को लेकर चल रही VFX और बजट की चर्चाओं पर अपनी राय रखते हुए कहा कि फिल्म की चर्चा उसके तकनीकी पहलुओं या 4000 करोड़ रुपये के बजट के बजाय भगवान राम, सीता और उनकी कहानी को लेकर होनी चाहिए.

सलमान खान ने ‘रामायण’ के वीएफएक्स पर उठ रहे सवालों पर दिया करारा जवाब, बोले- चर्चा राम, रावण और सीता की होनी चाहिए
रणबीर कपूर की रामायण पर सलमान खान की राय

मुंबई में 6 नवंबर को सलमान खान ने मीडिया को अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि' का ट्रेलर दिखाया. फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर लॉन्च आने वाले कुछ दिनों में किया जाएगा. इस मौके पर सलमान खान से उनकी फिल्म के साथ-साथ रणबीर कपूर की ‘रामायण' को लेकर भी सवाल पूछे गए. खासतौर पर ‘रामायण' के वीएफएक्स और उसके प्रोडक्शन बजट को लेकर हो रही चर्चा पर सलमान ने अपनी बेबाक राय रखी. उन्होंने साफ कहा कि ‘रामायण' की चर्चा उसके वीएफएक्स या बजट के बजाय उसकी कहानी और किरदारों को लेकर होनी चाहिए.

दरअसल, सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि' का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था. फिल्म की रिलीज डेट कई बार आगे बढ़ चुकी है. इसकी वजह बताते हुए सलमान ने कहा था कि फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स पर काम चल रहा है और वह इस मामले में कोई जल्दबाजी या कोताही नहीं बरतना चाहते. उनका मानना है कि आजकल दर्शक फिल्मों में इस्तेमाल किए गए वीएफएक्स को लेकर काफी बारीकी से नजर रखते हैं और उनकी आलोचना भी करते हैं. ऐसे में जब मीडिया से बातचीत के दौरान वीएफएक्स का जिक्र आया तो सवाल ‘रामायण' तक पहुंच गया.

मीडिया ने सलमान से पूछा कि ‘रामायण' के वीएफएक्स को लेकर काफी चर्चा हो रही है, इस पर वह क्या कहना चाहेंगे? इस सवाल पर सलमान ने कहा, “मुझे लगता है कि ‘रामायण' की चर्चा रामायण को लेकर होनी चाहिए, न कि वीएफएक्स और प्रोडक्शन की लागत को लेकर. मुझे लगता है कि यह जो नैरेटिव चल रहा है कि 4000 करोड़ और वीएफएक्स, वीएफएक्स, वीएफएक्स… यह सही नहीं है. मुझे लगता है कि रामायण की चर्चा रामायण के बारे में ही होनी चाहिए. राम, रावण, सीता और धर्मग्रंथों में बताई गई उनकी कहानी के बारे में बात होनी चाहिए.”

सलमान ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके गुणों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “भगवान राम सबसे अच्छे पति, सबसे अच्छे बेटे, सबसे अच्छे पिता, सबसे अच्छे योद्धा और सबसे अच्छे भाई थे.” सलमान के मुताबिक, उनकी फ़िल्म मातृभूमि के उनके किरदार में भी श्री राम जैसे ही गुण हैं क्यूँकि फ़िल्म में उनके किरदार के शेड्स भी ऐसे ही हैं यानी अच्छा पति, अच्छा भाई और योद्धा भी .

सलमान खान ने सुनाया राम बनने से जुड़ा 30 साल पुराना किस्सा

इस बातचीत के दौरान सलमान खान से एक दिलचस्प सवाल भी पूछा गया. उनसे पूछा गया कि अगर दोबारा ‘रामायण' बनाई जाए और उन्हें भगवान राम का किरदार निभाने का मौका मिले तो क्या वह यह भूमिका करना चाहेंगे?

इस सवाल पर सलमान ने सीधे हां या ना कहने के बजाय करीब 30 साल पुराना एक किस्सा सुना दिया. उन्होंने बताया कि कई साल पहले वह और उनके भाई एक ऐसी फिल्म करने वाले थे, जिसमें उनके किरदारों को भगवान राम और लक्ष्मण के रूप में पेश किया जाना था. सलमान ने कहा, “आपको शायद याद होगा, करीब 30 साल पहले हम ऐसा कुछ करने वाले थे. उस वक्त आप लोग तो नहीं थे, लेकिन आपके पहले के एक लॉर्ड थे. मैं और मेरा भाई एक जगह से रात को निकले और फिल्म की घोषणा हो गई. अगले दिन आपकी प्रेस ने हमारे सिर पर दो टेढ़े मुकुट डाल दिए और लिखा कि ये हैं हमारे राम और ये हैं हमारे लक्ष्मण. दो भाई बाहर निकले और बस, वहीं पर हमने यह फिल्म बंद कर दी थी.”

सलमान के इस जवाब ने बातचीत को दिलचस्प मोड़ दे दिया. उन्होंने पुराने अनुभव को याद करते हुए जिस अंदाज में यह किस्सा सुनाया, उससे साफ था कि भगवान राम और लक्ष्मण के किरदारों को लेकर मीडिया में हुई उस चर्चा का उन्हें आज भी ध्यान है.

ये भी पढ़ें: दीवाली पर बॉलीवुड का वो अनसुना गाना, जिसे आशा भोसले ने दी थी आवाज, 49 साल पहले साईं बाबा की फिल्म में था गूंजा

फिलहाल सलमान खान अपनी फिल्म ‘मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं, वहीं ‘रामायण' पर की गई उनकी टिप्पणी भी ध्यान खींच रही है. खास बात यह है कि सलमान ने फिल्म के बजट और तकनीकी पहलुओं से आगे बढ़कर उसके मूल विषय, भगवान राम के आदर्शों और रामायण की कहानी पर ध्यान देने की बात कही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Salman Khan, Matrubhoomi, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com