1956 में रिलीज हुई फिल्म ‘चोरी-चोरी' का गाना ‘ये रात भीगी-भीगी' आज भी हिंदी सिनेमा के खूबसूरत रोमांटिक गीतों में गिना जाता है. लता मंगेशकर और मन्ना डे की आवाज ने इस गाने को ऐसी मिठास दी, जो सालों बाद भी कम नहीं हुई. हालांकि, इस गाने की रिकॉर्डिंग इतनी आसानी से नहीं हुई थी. इसके पीछे एक दिलचस्प किस्सा खुद मन्ना डे ने एक पुराने इंटरव्यू में साझा किया था. दरअसल, फिल्म के निर्माता ए.वी. मय्यप्पन चाहते थे कि यह गाना मुकेश गाएं. उन्हें लगता था कि राज कपूर के व्यक्तित्व पर मुकेश की आवाज ज्यादा अच्छी लगेगी.
स्टूडियो पहुंचे प्रोड्यूसर तो पूछ लिया- मुकेश कहां हैं?
मन्ना डे के मुताबिक, रिकॉर्डिंग के दौरान निर्माता ए.वी. मय्यप्पन स्टूडियो पहुंचे. वहां उन्होंने जब देखा कि गाना मन्ना डे रिकॉर्ड करने वाले हैं, तो उन्होंने मुकेश के बारे में पूछा. निर्माता को यह बात पसंद नहीं आई कि राज कपूर के लिए मन्ना डे की आवाज इस्तेमाल की जा रही है. उनका मानना था कि राज कपूर की स्क्रीन इमेज के साथ मुकेश की आवाज ज्यादा स्वाभाविक लगती है. इसी वजह से स्टूडियो में इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
करीब एक घंटे तक चली बहस
मन्ना डे ने बताया था कि इस मुद्दे पर काफी देर तक बातचीत हुई. संगीतकार शंकर और राज कपूर चाहते थे कि गाना मन्ना डे की आवाज में ही रिकॉर्ड किया जाए. दोनों ने निर्माता को समझाने की कोशिश की कि इस गीत के लिए मन्ना डे की आवाज सही रहेगी. बात काफी लंबी खिंच गई और उन्होंने भी कह दिया, 'मेरे बजाय मुकेश को बुलाइए'. आखिर में राज कपूर ने एक रास्ता निकाला. उन्होंने कहा कि पहले मन्ना डे से गाना रिकॉर्ड कर लिया जाए. अगर रिकॉर्डिंग पसंद नहीं आती है तो वह अपने खर्चे पर इसे मुकेश की आवाज में दोबारा रिकॉर्ड करवाएंगे.
रिकॉर्डिंग के बाद बदल गई निर्माता की राय
इसके बाद मन्ना डे ने गाना रिकॉर्ड किया. रिकॉर्डिंग सुनने के बाद निर्माता ए.वी. मय्यप्पन की राय बदल गई. उन्हें मन्ना डे की आवाज और गाने का अंदाज पसंद आया और उन्होंने उनकी तारीफ भी की.
गाना सुनने के लिए यहां क्लिक करें
इसके बाद ‘ये रात भीगी-भीगी' को दोबारा रिकॉर्ड कराने की जरूरत नहीं पड़ी. शंकर-जयकिशन के संगीत, शैलेंद्र के बोल और लता मंगेशकर-मन्ना डे की आवाज ने इस गीत को यादगार बना दिया. फिल्म ‘चोरी-चोरी' में राज कपूर और नरगिस पर फिल्माया गया यह गीत आज भी पुराने दौर के रोमांस की खूबसूरत मिसाल माना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं