बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक कुकू कोहली का मंगलवार को निधन हो गया. उन्होंने शाम करीब 5:30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली. कुकू कोहली को दो दिन पहले ही अस्पताल में हार्ट अटैक के बाद भर्ती कराया गया था. जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों ने उनके इलाज के दौरान स्टेंट डाला था, लेकिन आज उनकी मौत हो गई. कुकू कोहली का नाम खास तौर पर अजय देवगन के करियर से जुड़ा रहा. उन्होंने अजय देवगन के साथ ‘फूल और कांटे', ‘सुहाग' और ‘हकीकत' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था. ‘फूल और कांटे' से अजय देवगन ने बॉलीवुड में बतौर अभिनेता डेब्यू किया था.
राज कपूर के साथ शुरू किया फिल्मी सफर
कुकू कोहली ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म इंडस्ट्री में बतौर सहायक निर्देशक की. उन्होंने दिग्गज अभिनेता और निर्देशक राज कपूर के साथ काम किया और फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखीं. उनके शुरुआती काम में ‘बॉबी', ‘प्रेम रोग' और ‘सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी फिल्मों से जुड़ाव रहा. इसके बाद उन्होंने बतौर सेकेंड यूनिट डायरेक्टर ‘बेताब' में भी काम किया. ‘बेताब' से सनी देओल और अमृता सिंह ने बतौर लीड कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद कुकू कोहली ने ‘फूल और कांटे' का निर्देशन किया, जो 1991 में रिलीज हुई थी. फिल्म में अजय देवगन और मधू मुख्य भूमिका में थे.
‘सुहाग' से ‘ये दिल आशिकाना' तक
‘फूल और कांटे' की सफलता के बाद कुकू कोहली ने ‘कोहराम', ‘सुहाग' और ‘हकीकत' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. 1994 की ‘सुहाग' में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार साथ नजर आए थे. फिल्म में करिश्मा कपूर और नगमा भी अहम भूमिकाओं में थीं.
1995 में आई ‘हकीकत' में अजय देवगन और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में थे. इसके बाद कुकू कोहली ने ‘जुल्मी', ‘अनाड़ी नंबर 1', ‘ये दिल आशिकाना' और ‘वो तेरा नाम था' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. ‘ये दिल आशिकाना' 2002 में रिलीज हुई थी, जबकि ‘वो तेरा नाम था' 2004 में आई थी. इस तरह कुकू कोहली ने हिंदी सिनेमा में कई चर्चित फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं