
आज टीवीएफ भारत के सबसे बड़े और सबसे पसंदीदा कंटेंट स्टूडियोज में से एक है, जो अपनी रिलेटेबल स्टोरीटेलिंग, सच्चे ड्रामा, यादगार किरदारों और स्लाइस-ऑफ-लाइफ कहानियों के जरिए दर्शकों के दिलों को छूने वाले बेहतरीन और ब्लॉकबस्टर शोज़ लगातार दे रहा है. 'पंचायत', 'एस्पिरेंट्स', 'गुल्लक', 'कोटा फैक्ट्री', 'सपने वर्सेस एवरीवन', 'पिक्चर्स' और ऐसे ही कई बड़े शोज़ के साथ टीवीएफ ने कमाल की विरासत बनाई है, जिसके कई पॉपुलर शोज़ एक के बाद एक कई सफल सीजन्स के साथ वापस लौट रहे हैं.
लेकिन, इस शानदार कामयाबी के पीछे एक मुश्किल दौर भी छिपा है. हाल ही में, टीवीएफ के फाउंडर अरुणाभ कुमार ने खुलासा किया कि कोविड-19 महामारी के दौरान, उन्होंने इस प्रोडक्शन हाउस को बंद करने का मन बना लिया था, ठीक उसी तरह जैसे संकट के उस दौर में कई अन्य कंपनियाँ संघर्ष कर रही थीं. उन्होंने शेयर किया कि यह कुछ करीबी लोगों का अटूट विश्वास और सपोर्ट ही था, जिसने आखिरकार उन्हें आगे बढ़ते रहने की ताकत दी.
कोविड की वजह से हो गया था बुरा हाल
अरुणाभ कुमार ने शेयर किया, 'कोविड के दौरान, हम भी कई कंपनियों की तरह बंद होने की कगार पर थे, क्योंकि दुनिया रातों-रात बदल गई थी और आगे क्या होगा कुछ पता नहीं था. वह बहुत ही मुश्किल समय था; मेरी अभी-अभी सगाई हुई थी. लेकिन कुछ करीबी लोगों, खासकर मेरी मंगेतर और मेरी माँ के विश्वास ने मुझे आगे बढ़ते रहने की ताकत दी. उनके सपोर्ट ने मुझे भरोसा दिलाया कि टीवीएफ के पास अभी और भी कहानियां हैं जो दुनिया को सुनानी हैं, और आखिरकार हमने इसे जिंदा रखने के लिए अपने खुद के कुछ पैसे भी इन्वेस्ट किए.'
आईएमडीबी की टॉप 250 शो की लिस्ट पर जमा रखा है कब्जा
IMDb की 'टॉप 250 टीवी शो' की लिस्ट में 'सपने वर्सेस एवरीवन' के शामिल होने के साथ ही, द वायरल फीवर ग्लोबल कंटेंट की दुनिया पर राज कर रहा है. दुनिया के टॉप 250 शोज की इस लिस्ट में टीवीएफ के जो अन्य शोज़ शामिल हैं, वे हैं 9.1 रेटिंग के साथ 'टीवीएफ पिक्चर्स' (रैंक 64), 9.0 रेटिंग के साथ 'पंचायत' (रैंक 70), 9.1 रेटिंग के साथ 'गुल्लक' (रैंक 74), 9 रेटिंग के साथ 'कोटा फैक्ट्री' (रैंक 86), 9.1 रेटिंग के साथ 'एस्पिरेंट्स' (रैंक 130), और 8.9 रेटिंग के साथ 'ये मेरी फैमिली' (रैंक 183).
टीवीएफ ने 'प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स' इवेंट में अपनी धमाकेदार अनाउंसमेंट्स की लिस्ट के साथ पूरी महफिल लूट ली. चाहे 'वन' और 'कॉलेज फेस्ट' जैसी फिल्में हों, 'पिरामिड' और 'वंश' जैसे नए शो हों, या फिर 'एस्पिरेंट्स', 'पंचायत', 'ग्राम चिकित्सालय', 'सपने वर्सेस एवरीवन' और 'संदीप भैया' के मोस्ट-अवेडेट नए सीजन्स हों उनकी लिस्ट बेहद कमाल की और हर तरह के कंटेंट से भरपूर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं