लेखक-निर्देशक अभिषेक पाठक ने दृश्यम 2 के रोमांचक ट्विस्ट और टर्न्स के साथ दर्शकों को सीटों से बांधे रखा था और फिल्म के अंत तक उन्हें लगातार सोचने पर मजबूर किया था. अब, मेकर्स द्वारा रहस्यमयी आई पोस्टर्स की सीरीज के जरिए दृश्यम द कन्क्लूजन की घोषणा के साथ दर्शकों के बीच उत्सुकता अपने चरम पर पहुंच गई है. बढ़ते सवालों और विजय सालगांवकर पर टिकी हर नजर के बीच, दर्शक 2 अक्टूबर 2026 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि इस रहस्य से पर्दा उठ सके.
क्या करेगा विजय सालगांवकर का परिवार
अभिषेक पाठक के मुताबिक, दृश्यम द कन्क्लूजन वहीं से विजय सालगांवकर और उसके परिवार की कहानी को आगे बढ़ाती है, जहां दूसरी फिल्म खत्म हुई थी. फ्रेंचाइजी को उसके अंतिम अध्याय की ओर ले जाते हुए लेखक-निर्देशक एक बिल्कुल नई पटकथा और ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जो विजय को एक अनदेखे और अनजाने क्षेत्र में ले जाएगी, वहीं दृश्यम की दुनिया की पहचान बन चुके रहस्य और सस्पेंस को भी बरकरार रखेगी.
कैसी है पठकथा
तीसरी फिल्म को विकसित करने की प्रक्रिया के बारे में बात करते हुए अभिषेक पाठक कहते हैं, “दृश्यम 2 के बाद कहानी को तैयार करने में हमें लगभग एक साल लगा और इसके बाद पटकथा को विकसित करने और लिखने में एक और साल लगा. कहानी वहीं से आगे बढ़ती है, जहां दूसरी फिल्म खत्म हुई थी, लेकिन इसके बाद का सफर पूरी तरह नया है. हमने पटकथा पर बहुत बारीकी से काम किया है, ताकि दृश्यम द कन्क्लूजन उस दुनिया के प्रति सच्ची रहे, जिसे दर्शक पसंद करते हैं, साथ ही कहानी को एक नए और रोमांचक अंदाज में आगे भी ले जाए.”
फिल्म की स्टारकास्ट
अजय देवगन एक बार फिर आइकॉनिक विजय सालगांवकर के रूप में वापसी कर रहे हैं. उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने-अपने किरदारों को दोहराते नजर आएंगे. वहीं जयदीप अहलावत और प्रकाश राज नए और रोमांचक किरदारों में इस दमदार एन्सेम्बल का हिस्सा बनेंगे, जिससे फिल्म के अंतिम अध्याय में दांव और भी ऊंचे हो गए हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म
स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत, पैनोरमा स्टूडियोज प्रोडक्शन की इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म की पटकथा अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है. आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक द्वारा निर्मित दृश्यम द कन्क्लूजन 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
ये भी पढ़ें; नेपाल बाढ़ त्रासदी पर छलका मनीषा कोइराला का दर्द, बोलीं- इंसानियत के नाते सभी को आगे आना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं