मुंबई में Devgn CineX ने अपनी कंपनी से जुड़ा बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने अजय अग्रवाल को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. अजय अग्रवाल को बिजनेस और ऑपरेशंस के क्षेत्र में दो दशक से ज्यादा का अनुभव है. वह BFSI, इंफ्रास्ट्रक्चर, फिनटेक और मैन्युफैक्चरिंग जैसे कई सेक्टर्स में काम कर चुके हैं. अब वह अजय देवगन की प्रीमियम सिनेमा और एंटरटेनमेंट कंपनी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे.
20 साल से ज्यादा का अनुभव
अजय अग्रवाल अपने साथ 20 साल से ज्यादा का कॉरपोरेट अनुभव लेकर Devgn CineX में आए हैं. अपने करियर के दौरान उन्होंने बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन, ग्रोथ प्लानिंग, प्रोजेक्ट डेवलपमेंट और कस्टमर एक्सपीरियंस से जुड़े कामों में नेतृत्व किया है. वह ICICI, Tata, Reliance, Birla और Bharti जैसे बड़े कारोबारी समूहों से जुड़ी संस्थाओं में भी काम कर चुके हैं. कंपनी के मुताबिक, बड़े प्रोजेक्ट्स को संभालने और कस्टमर-केंद्रित बिजनेस तैयार करने का उनका अनुभव Devgn CineX के लिए काफी अहम होगा.
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
अजय देवगन ने कही ये बात
अजय अग्रवाल की नियुक्ति पर कंपनी के प्रमोटर और अभिनेता अजय देवगन ने कहा कि सिनेमा का भविष्य ऐसे अनुभव तैयार करने में है, जिन्हें दर्शक कहीं और महसूस न कर सकें. उन्होंने उम्मीद जताई कि अजय अग्रवाल के नेतृत्व में कंपनी अपनी ग्रोथ को और तेज करेगी और सिनेमा इंडस्ट्री में नए मानक स्थापित करेगी. वहीं, अजय अग्रवाल ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर कहा कि Devgn CineX की मजबूत नींव है. उनका फोकस इनोवेशन, बेहतर ऑपरेशंस और दर्शकों के शानदार अनुभव पर रहेगा. उनका लक्ष्य टीम और पार्टनर्स के साथ मिलकर एक ऐसा एंटरटेनमेंट ब्रांड तैयार करना है, जो भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार हो.
प्रीमियम सिनेमा अनुभव पर फोकस
Devgn CineX खुद को प्रीमियम सिनेमा और एंटरटेनमेंट कंपनी के तौर पर पेश करती है. कंपनी का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, बेहतर हॉस्पिटैलिटी और नए एंटरटेनमेंट कॉन्सेप्ट के जरिए दर्शकों के फिल्म देखने के अनुभव को बदलना है. आने वाले समय में कंपनी विस्तार, इनोवेशन और कस्टमर एक्सपीरियंस पर खास ध्यान देने की योजना बना रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं