विज्ञापन

Exclusive: रामायण के मेकर्स पर भड़के टीवी के कृष्ण, कहा- रावण इतना अच्छा इंसान था तो भगवान विष्णु के अवतार की जरूरत क्या थी

'महाभारत' में कृष्ण का किरदार निभाने वाले नितीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की 'रामायण' में रावण के चित्रण पर सवाल उठाए हैं.

Exclusive: रामायण के मेकर्स पर भड़के टीवी के कृष्ण, कहा- रावण इतना अच्छा इंसान था तो भगवान विष्णु के अवतार की जरूरत क्या थी
रामायण के मेकर्स पर फूटा नितीश भरद्वाज का गुस्सा

टीवी के मशहूर सीरियल ‘महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज इन दिनों अपनी बेबाक राय को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण' को लेकर कई सवाल उठाए हैं. खासतौर पर फिल्म में रावण के किरदार को किस तरह पेश किया जा रहा है, इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की. नितीश का मानना है कि अगर रावण को एक शानदार इंसान और अच्छे व्यक्तित्व वाले व्यक्ति के रूप में दिखाया जाता है तो इससे भगवान विष्णु के अवतार लेने के पूरे उद्देश्य पर ही सवाल खड़े हो सकते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की कहानी नई पीढ़ी के सामने रामायण की अलग ही तस्वीर पेश कर सकती है.

रावण इतना अच्छा था तो भगवान विष्णु के अवतार की जरूरत क्या थी?

NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में नितीश भारद्वाज ने कहा कि अगर रावण को इतना अच्छा इंसान दिखाया जा रहा है तो फिर भगवान विष्णु के अवतार की जरूरत ही क्या थी? उनके मुताबिक, रामायण में भगवान राम के अवतार और रावण के वध के पीछे एक बड़ा उद्देश्य और विचार है. अगर कहानी में रावण को एक शानदार इंसान के तौर पर पेश किया जाएगा तो अवतार की पूरी अवधारणा ही कमजोर पड़ सकती है.

नितीश ने कहा कि उन्हें यह सिर्फ कहानी को देखने का एक अलग नजरिया नहीं लगता, बल्कि इसके पीछे एक एजेंडा नजर आता है. उन्होंने सवाल उठाया कि रामायण जैसी सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानी को पेश करते समय उसके मूल भाव का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

नई पीढ़ी के सामने रामायण की कैसी तस्वीर जाएगी?

नितीश भारद्वाज ने फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी चिंता जताई. उनका कहना है कि फिल्म का दूसरा भाग करीब दो साल बाद आएगा. ऐसे में जो युवा दर्शक पहले रामायण की कहानी से परिचित नहीं हैं, वे पहले पार्ट में रावण को एक शानदार इंसान के रूप में देखकर उसके प्रति आकर्षित हो सकते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि जब दूसरे पार्ट में भगवान राम रावण का वध करेंगे तो यही दर्शक राम को गलत और रावण को सही समझ सकते हैं. 

नितीश के मुताबिक, इस तरह कहानी में नायक और खलनायक की छवि ही बदल सकती है. उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी ऐतिहासिक और धार्मिक कथा को इस तरह पेश करना सही है, जहां दर्शकों के सामने उसके मूल नायक को ही गलत साबित करने की स्थिति बन जाए?

‘आप इतिहास बदल रहे हैं'

नितीश भारद्वाज ने कहा कि रामायण के किरदारों को पेश करते समय फिल्मकारों को बेहद जिम्मेदारी बरतनी चाहिए. उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक फिल्म या मनोरंजन का विषय नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सभ्यता से जुड़ी कहानी है. इसलिए किरदारों के चित्रण में ऐसी सावधानी जरूरी है कि मूल कथा का संदेश और भगवान राम के अवतार का महत्व कमजोर न पड़े.

ये भी पढ़ें: दूरदर्शन का 38 साल पुराना सुपरहिट शो, जिसने शाहरुख को बनाया घर घर का स्टार, हर दिल को छुई इंडियन आर्मी की कहानी, IMDb रेटिंग 9.1
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Bharadwaj, Doordarshan, TV
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com