कभी ऐसा होता है कि नेटफ्लिक्स खोलने के बाद आधा घंटा सिर्फ यही सोचते निकल जाता है कि आखिर देखा क्या जाए. एक फिल्म शुरू करते हैं, फिर छोड़ देते हैं. दूसरी देखते हैं, वो भी पसंद नहीं आती. अगर हर वीकेंड आपके साथ भी यही होता है, तो इस बार टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. इस हफ्ते नेटफ्लिक्स खुद आपके लिए एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज लेकर आ रहा है. रोमांस चाहिए, सस्पेंस पसंद है, हल्की-फुल्की कॉमेडी देखनी है या फिर ऐसी कहानी जो आखिर तक दिमाग में घूमती रहे, 22 से 24 जुलाई के बीच रिलीज होने वाली ये 6 नई फिल्में और सीरीज आपका पूरा वीकेंड सेट कर सकती हैं.
ये भी पढ़ें: मिया खलीफा ने स्पेन के एक गोल से कमाए 16 करोड़ रुपये, जानें क्या है पूरा गणित
मुसाफिर कैफे
अगर आपका मूड एक प्यारी और दिल छू लेने वाली लव स्टोरी देखने का है, तो मुसाफिर कैफे अच्छी चॉइस हो सकती है. विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकराना स्टारर ये फिल्म खूबसूरत पहाड़ों की वादियों में बनी है. प्यार, रिश्तों और इमोशन्स से भरी ये कहानी आपको आखिर तक जोड़े रख सकती है. ये फिल्म 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
अ टॉक्सिक लव स्टोरी
हर चमकती हुई लव स्टोरी का अंत खुशहाल हो, ऐसा जरूरी नहीं होता. अ टॉक्सिक लव स्टोरी इसी सच को सामने लाती है. सच्ची घटना पर बनी ये क्राइम डॉक्यूमेंट्री एक नए शादीशुदा कपल की जिंदगी में छिपे ऐसे राज खोलती है, जो आपको हैरान कर देंगे. ये सीरीज 23 जुलाई को रिलीज होगी.
कोलिट्विन्स एंड कोलिट्विन्स सीजन 3
रियलिटी शो देखने वालों के लिए कोलिट्विन्स एंड कोलिट्विन्स सीजन 3 भी तैयार है. इस बार पहले से ज्यादा ड्रामा, मस्ती और इमोशनल पल देखने को मिलेंगे. जुड़वां भाइयों की पर्सनल लाइफ और उनके रिश्तों की नई झलक इस सीजन को और मजेदार बनाती है. ये शो 23 जुलाई से स्ट्रीम होगा.
72 ऑवर्स
एक छोटी-सी गलती किसी की जिंदगी में कितना बड़ा बवाल ला सकती है, यही दिखाती है 72 ऑवर्स. कहानी एक 40 साल के कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव की है, जो गलती से युवाओं के चैट ग्रुप में पहुंच जाता है और फिर तीन दिन की वाइल्ड बैचलर पार्टी में फंस जाता है. केविन हार्ट और मेसन गुडिंग की ये कॉमेडी फिल्म 24 जुलाई को रिलीज होगी.
शॉपलिफ्टर्स
अगर आपको ऐसी फिल्में पसंद हैं जो खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक याद रहें, तो शॉपलिफ्टर्स जरूर देखिए. ये एक गरीब लेकिन बेहद प्यारे परिवार की कहानी है, जो मुश्किल हालात में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ता. रिश्तों और इंसानियत को बेहद खूबसूरती से दिखाने वाली ये फिल्म 22 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर आएगी.
द ट्रुथर्स
ऐसी सीरीज, जिसे देखते हुए हर एपिसोड के बाद बस एक सवाल आएगा... आखिर आगे क्या होगा? द ट्रुथर्स में सस्पेंस, रहस्य और बड़ी साजिशों का ऐसा खेल देखने को मिलेगा, जो आखिरी मिनट तक आपको स्क्रीन से हटने नहीं देगा. ये थ्रिलर सीरीज 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं