OTT और सोशल मीडिया के दौर में फिल्मों का प्रमोशन करोड़ों रुपये खर्च करके किया जाता है. बड़े-बड़े सितारे शहर-शहर जाकर अपनी फिल्मों का प्रचार करते हैं, लेकिन हॉलीवुड की एक ऐसी फिल्म भी है, जिसके मेकर्स ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील तक नहीं की. इसके बजाय उन्होंने एक ऐसी कहानी गढ़ी, जिसे लोगों ने हकीकत मान लिया. नतीजा यह हुआ कि महज 49 लाख रुपये के बजट और सिर्फ 8 दिन की शूटिंग में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में करीब 2000 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली. हम बात कर रहे हैं 1999 में रिलीज हुई हॉलीवुड की मशहूर हॉरर फिल्म ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट' की, जिसे आज भी फिल्म मार्केटिंग की सबसे सफल रणनीतियों में गिना जाता है.
8 दिन में पूरी हुई शूटिंग, नए कलाकारों को मिला मौका
‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट' का निर्देशन डेनियल मायरिक और एडुआर्डो सांचेज ने किया था. सीमित बजट होने की वजह से फिल्म में बड़े सितारों की जगह नए कलाकारों हीदर डोनाह्यू, जोशुआ लियोनार्ड और माइकल सी. विलियम्स को लिया गया. पूरी फिल्म की शूटिंग सिर्फ 8 दिनों में हैंडहेल्ड कैमरे से की गई, ताकि हर दृश्य बिल्कुल असली लगे. फिल्म की कहानी तीन युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी चुड़ैल की तलाश में जंगल जाते हैं और फिर रहस्यमय तरीके से गायब हो जाते हैं.
ऐसी मार्केटिंग, जिसे लोगों ने सच मान लिया
फिल्म रिलीज होने से पहले मेकर्स ने इंटरनेट पर एक वेबसाइट बनाई, जिसमें तीनों किरदारों को वास्तव में लापता बताया गया. वेबसाइट पर उनकी तस्वीरें, फर्जी पुलिस रिपोर्ट, अखबारों की कटिंग और मिसिंग पोस्टर तक साझा किए गए. उस समय इंटरनेट नया-नया लोकप्रिय हो रहा था, इसलिए बड़ी संख्या में लोगों ने इस कहानी को सच मान लिया. दर्शकों को लगा कि उन्हें किसी फिल्म नहीं, बल्कि जंगल से मिले असली कैमरे की रिकॉर्डिंग दिखाई जा रही है. यही ‘फाउंड फुटेज' स्टाइल फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बन गई और इसकी चर्चा तेजी से फैल गई.
49 लाख से 2000 करोड़ तक पहुंची कमाई
रिलीज के बाद ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया. करीब 49 लाख रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में करीब 2000 करोड़ का कारोबार किया. इसे अब तक की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में गिना जाता है. दिलचस्प बात यह है कि मेकर्स ने प्रमोशन के पुराने तरीकों से दूरी बनाई और पूरी रणनीति फिल्म की रहस्यमयी कहानी पर फोकस्ड रखी. यही वजह है कि आज भी ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट' को हॉलीवुड की सबसे सफल मार्केटिंग और हॉरर फिल्मों में शुमार किया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं