भारतीय डांस जगत के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. मुंबई में पले-बढ़े और केरल मूल के कोरियोग्राफर रजित देव फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक एंथम से जुड़ने वाले पहले भारतीय कोरियोग्राफर बन गए हैं. इस उपलब्धि ने न केवल रजित देव बल्कि पूरे भारतीय डांस समुदाय को गर्व करने का मौका दिया है. इस प्रोजेक्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई बड़ी हस्तियां शामिल रहीं. एंथम में बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही नजर आई हैं, जबकि फ्रांसीसी गायक और गीतकार वेजीड्रीम तथा संगीत निर्माता सैंजॉय ने इसके संगीत को वैश्विक पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
नोरा फतेही का बड़ा रोल
रजित देव ने बताया कि उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट से जोड़ने में नोरा फतेही की अहम भूमिका रही. नोरा और रजित की पहचान रियलिटी शो “झलक दिखला जा” के दिनों से है. इसके बाद दोनों ने कई म्यूजिक वीडियो और अंतरराष्ट्रीय म्यूजिकल टूर साथ किए, जिसके चलते उनके बीच मजबूत पेशेवर तालमेल बना.
ये भी पढ़ें: घर के इन काम से बचते हैं अक्षय कुमार, इसलिए नहीं लेना चाहते एक्टिंग से रिटायरमेंट
रजित ने बताया कि इस एंथम को कोरियोग्राफ करने के लिए उनके पास बेहद कम समय था. उन्होंने कहा, “हमारे पास तैयारी के लिए बहुत कम वक्त था. हमने भारत में अपने डांसर्स के साथ दो दिन तक लगातार रिहर्सल की. इसके बाद उसका वीडियो बनाकर नोरा को भेजा, जो उस समय मोरक्को में थीं. वहां से मंजूरी मिलने के बाद हम शूट के लिए रवाना हुए.”
एंथम की शूटिंग करीब तीन दिनों तक चली
उन्होंने बताया कि एंथम की शूटिंग करीब तीन दिनों तक चली, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती मोरक्को के फुटबॉल ग्राउंड में शूट करना था. रजित के मुताबिक, “ग्राउंड पर शूटिंग के लिए हमें सिर्फ 15 मिनट की अनुमति मिली थी. इसलिए हमने पहले ही ग्राउंड के बाहर सभी मूवमेंट्स और कैमरा शॉट्स की तैयारी कर ली थी. जैसे ही अनुमति मिली, हमने 15 मिनट के भीतर ग्राउंड पर शूट होने वाला पूरा हिस्सा पूरा कर लिया.”
रजित देव के लिए इस प्रोजेक्ट की एक और खास बात यह रही कि उन्हें अपने भारतीय डांसर्स को भी शूटिंग के लिए साथ ले जाने का अवसर मिला. उन्होंने कहा- “आमतौर पर बजट की वजह से विदेशों में होने वाली शूटिंग में भारत से डांसर्स को ले जाना आसान नहीं होता. इसलिए मेरे लिए यह बेहद संतोषजनक था कि इस बार अपने डांसर्स भी इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट का हिस्सा बने.”
गाने को मिले शानदार रिस्पॉन्स पर बात करते हुए रजित ने बताया कि बॉलीवुड के कई बड़े कोरियोग्राफर्स ने उनसे संपर्क कर उनके काम की सराहना की. उनके अनुसार, फीफा वर्ल्ड कप 2026 का एंथम रिलीज होने के बाद उन्हें इंडस्ट्री से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं, जिसने इस उपलब्धि को और खास बना दिया.
वैभवी मर्चेंट ने की मदद
रजित देव करीब सात वर्षों तक मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट के सहायक के रूप में काम कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने स्वतंत्र कोरियोग्राफर के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई. नोरा फतेही के साथ भी उनकी पेशेवर साझेदारी कई वर्षों पुरानी है. दोनों ने साथ में कई म्यूजिक वीडियो और अंतरराष्ट्रीय टूर किए हैं.
अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एंथम से जुड़कर रजित देव ने अपने करियर में एक नई उपलब्धि जोड़ ली है. साथ ही उन्होंने यह भी साबित कर दिया है कि भारतीय कोरियोग्राफर्स की प्रतिभा अब केवल बॉलीवुड तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के सबसे बड़े खेल आयोजनों में भी अपनी पहचान बना रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं