फिल्म मिर्जापुर (Mirzapur) बीते दिनों सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन काफी शानदार हो रहा है. जब से फिल्म का पहला लुक आया था, दर्शक फिल्म को देखने के लिए काफी बेताब थे. फिल्म में वैसे तो पुरानी कास्ट नजर आई है. लेकिन कुछ नई कास्ट जैसे सोनल चौहान (Sonal Malik), मोहित मालिक (Mohit Malik) भी नजर आए हैं. इस फिल्म में रवि किशन (Ravi Kishan) भी इस बार दिखाई दिए हैं. फिल्म में सोनल चौहान पर फिल्माया गया गाना घूम-घूम भी काफी प्रसिद्ध हो रहा है. इस गाने के म्यूजिक कंपोजर रे (Ray) हैं. रे ने एनडीटीवी से बात करते हुए कई पहलुओं पर चर्चा की.
गुरमीत सिंह के साथ यह आपका दूसरा कोलैबोरेशन है, पहली बार के मुकाबले यह अनुभव कितना अलग रहा?
म्यूजिक कंपोजर रे ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि गुरु सर के साथ इससे पहले मैंने फिल्म "फोन भूत" के लिए मशहूर गाने "काली तेरी गुट्ट" का एक रीक्रिएटेड वर्जन बनाया था. लेकिन मिर्जापुर में हम एक डांस सीक्वेंस के लिए बिल्कुल ओरिजिनल गाना तैयार कर रहे थे. यह अनुभव पूरी तरह अलग था, क्योंकि मिर्जापुर के लिए एक बेहद रॉ और देसी साउंड आइडेंटिटी की ज़रूरत थी. गुरु सर ने मुझसे कहा था कि महबूबा महबूबा जैसी फील वाला, लेकिन पूरी तरह ओरिजिनल ट्रैक बनाना है. यह अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण काम था, क्योंकि हमें मिर्जापुर की दुनिया के हिसाब से गाना बनाना था और साथ ही आज के दौर में महबूबा महबूबा जैसी वाइब भी लानी थी. हमारी कोशिश सिर्फ एक अच्छा गाना बनाने की नहीं, बल्कि एक यादगार म्यूज़िकल एक्सपीरियंस क्रिएट करने की थी.
म्यूज़िक प्रोड्यूसर से कंपोज़र बनने तक का आपका सफर कैसा रहा?
'रे' ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि मेरा सफर एक साथ चुनौतीपूर्ण भी रहा और सहज भी. इस दौरान मैंने अपने बारे में बहुत-सी ऐसी चीज़ें सीखी, जिनके बारे में मुझे पहले पता ही नहीं था कि मैं उन्हें कर सकता हूँ. आखिर में सब कुछ इस बात पर आकर टिकता है कि दर्शक आपकी बनाई हुई चीज़ पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं. इसलिए मेरे लिए यह सफर लगातार सीखने, विकसित होने और अपने आर्ट को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का रहा है.
ये वीडियो भी देखें: गुड्डू भैया के लिए फैन्स की दीवानगी, ‘मिर्जापुर: द मूवी' की स्पेशल स्क्रीनिंग में पहुंचे
इस गाने में रवि किशन की परफॉर्मेंस को काफी तारीफ मिल रही है, उनके साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? इस ट्रैक पर काम करने का अनुभव कैसा था?
'रे' ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि जी हाँ, यह बिल्कुल सच है. रवि किशन जी एक बेहद सहज और क्रिएटिव परफॉर्मर हैं और उनकी मौजूदगी गाने को एक अलग ही ऊर्जा देती है. जब मैं यह गाना बना रहा था, तब मुझे पता था कि इसकी शूटिंग रवि किशन जी कर रहे हैं. लेकिन वीडियो देखने के बाद मुझे लगा कि उन्होंने इस गाने को सचमुच एक नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया. कुल मिलाकर इस ट्रैक पर काम करने का अनुभव बहुत शानदार रहा और जब दर्शक इसे इतना प्यार और सराहना देते हैं, तो वह एहसास बेहद भावुक और संतोष देने वाला होता है.
आपके गाने पर सोनल चौहान को आइटम डांस करते देख आपकी क्या राय है?
'रे' ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि सोनल ने अपनी खूबसूरती, भावनाओं और ग्रेस के साथ इस गाने में टॉप-टियर परफॉर्मेंस दी है. मुझे लगता है कि उन्होंने इस गाने को पूरी तरह अपना बना लिया, और मेरे लिए यही सबसे ज़्यादा मायने रखता है. कोरियोग्राफी और पूरे पिक्चराइज़ेशन के साथ मिलकर इस गाने में सचमुच जान आ गई है.
अगर सोनल चौहान इस गाने का हिस्सा नहीं होतीं, तो आपके हिसाब से इस पर कौन-सी अभिनेत्री सबसे बेहतर फिट बैठती?
'रे' ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि ईमानदारी से कहूँ तो अगर मुझे किसी और की कल्पना करनी होती, तो वह ऐसी ही (सोनल चौहान
जैसी) कलाकार होती जिसमें ग्रेस, सेंसुअलिटी और इमोशनल डेप्थ का वही संतुलन हो. लेकिन यह कहने के बाद भी, मुझे सच में लगता है कि सोनल इस गाने में अपना अलग रंग लेकर आईं. उन्होंने इसे अपना बना लिया और मेरे लिए यही सबसे अहम बात है. जब कोई कलाकार किसी गाने को अपना बना लेता है, तो फिर उसकी तुलना किसी और से करने की ज़रूरत नहीं रहती.
किसी गाने के लिए अभिनेत्री को कास्ट करने से पहले क्या आमतौर पर म्यूज़िक डायरेक्टर की राय भी ली जाती है?
'रे' ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि मेरे हिसाब से फिल्म के डायरेक्टर और कोरियोग्राफर सबसे अच्छी तरह जानते हैं कि गाने की डांस की ज़रूरत, स्क्रीन प्रेज़ेंस और ओवरऑल फिट क्या है. प्रोड्यूसर या प्रोडक्शन हाउस अभिनेत्री की लोकप्रियता और दूसरे व्यावसायिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 'हनुमान अंश' मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कराना चाहते हैं बाबा नीम करोली के पोते, कहा- 'प्रोड्यूसर नहीं आया'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं