फिल्म ‘मर्डर 2' के बाद महेश भट्ट और प्रशांत नारायणन एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं. दोनों करीब 15 साल बाद फिल्म ‘नाम: टू लिव इज वॉर' के लिए साथ आए हैं. साल 2011 में रिलीज हुई ‘मर्डर 2' में प्रशांत नारायणन के अभिनय को काफी चर्चा मिली थी. अब इस नई फिल्म में एक बार फिर उनके किरदार को लेकर उत्सुकता है. फिल्म में वीर पहाड़िया, वरुण शर्मा और शेफाली बग्गा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. विजयंत कोली भी फिल्म का हिस्सा हैं.
क्या बोले एक्टर
महेश भट्ट ने प्रशांत नारायणन के साथ दोबारा काम करने को लेकर कहा कि वह ऐसे अभिनेता हैं, जो सिर्फ किरदार निभाते नहीं, बल्कि उसमें पूरी तरह डूब जाते हैं. उन्होंने कहा, “जब हमने ‘मर्डर 2' में साथ काम किया था, तब प्रशांत ने पर्दे पर एक ऐसा बेखौफ और अनोखा अंदाज दिखाया था, जो आसानी से देखने को नहीं मिलता. ‘नाम: टू लिव इज वॉर' की कहानी के लिए ऐसे कलाकार की जरूरत थी, जिसका अभिनय गहरा, अप्रत्याशित और वास्तविक लगे. 15 साल बाद उनके साथ काम करना बिल्कुल सहज रहा.”
महेश भट्ट ने शेफाली बग्गा के अभिनय की भी तारीफ की. उनके मुताबिक, शेफाली अपने साथ एक अलग तरह की ऊर्जा लेकर आती हैं और उनकी सहज अदाकारी दर्शकों से जुड़ने में मदद करती है. महेश भट्ट ने कहा कि अपने किरदार को समझने और उसकी गहराई तक पहुंचने की शेफाली की कोशिश ने फिल्म की कहानी को एक अलग रंग दिया है.
‘नाम: टू लिव इज वॉर' के बारे में
फिल्म के निर्माता रिद्धि चावड़ा और उत्सव उपाध्याय ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर काम करना उनके लिए एक खास अनुभव रहा है. उनके मुताबिक, महेश भट्ट की कहानी को समझने और उसे पर्दे पर उतारने में निर्देशक सिद्धांत सचदेव की अहम भूमिका है. उन्होंने कहा कि सेट पर वीर पहाड़िया, वरुण शर्मा, प्रशांत नारायणन और शेफाली बग्गा के बीच तालमेल देखना शानदार अनुभव था.
निर्देशक सिद्धांत सचदेव ने भी फिल्म के अनुभव को खास बताया. उन्होंने कहा कि महेश भट्ट जैसे अनुभवी फिल्मकार के मार्गदर्शन और निर्माताओं के भरोसे ने उन्हें किरदारों को स्वाभाविक रूप से सामने लाने का मौका दिया. उनके मुताबिक, फिल्म के सभी कलाकार अपने अभिनय में एक खास तरह की सच्चाई लेकर आए हैं, जिससे कहानी के हर दृश्य को मजबूती मिली है.
‘नाम: टू लिव इज वॉर' का निर्देशन सिद्धांत सचदेव कर रहे हैं, जबकि रिद्धि चावड़ा और उत्सव उपाध्याय इसके निर्माता हैं. फिल्म का निर्माण उत्सव एंटरटेनमेंट एंड प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है. महेश भट्ट और प्रशांत नारायणन की 15 साल बाद वापसी इस फिल्म की खास बातों में से एक है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं