फिल्म महाप्रभु जगन्नाथ (Mahaprabhu Jagannath) साल 2026 की सबसे इंतजार करने वाली फिल्म है. इस पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिलीज करने की अनुमति दी गई. फिल्म हिंदी, तेलुगू सहित तमाम भाषा में रिलीज होने जा रही है. यह एक एनिमेटेड और पारिवारिक फिल्म है. इस फिल्म में महाप्रभु जगन्नाथ की महिमा दिखाई जाएगी, जिसको देखने के लिए दर्शक काफी उत्सुक है. इस फिल्म में सनातन धर्म और पौराणिक चीजों से जुड़ी चीज बताई जाएगी. इस फिल्म को दुर्गा प्रसाद दलाई ने प्रोड्यूस किया है. हाल ही में प्रोड्यूसर ने एनडीटीवी से बात की और फिल्म से जुड़े काफी मुद्दों पर खुलकर चर्चा की.
सवाल- ओडिशा से निकलकर देशभर में रिलीज होने वाली यह पहली एनिमेशन फिल्म है. इस उपलब्धि का आपके लिए क्या महत्व है और क्या यह भारतीय एनीमेशन इंडस्ट्री के लिए एक नया अध्याय साबित हो सकती है?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. मुझे उम्मीद है कि इससे यह संदेश जाएगा कि विश्वस्तरीय एनिमेशन सिर्फ बड़े शहरों से ही नहीं, बल्कि भारत के किसी भी हिस्से से बन सकता है. अगर यह फिल्म और लोगों को प्रेरित करती है, तो यही इसकी सबसे बड़ी सफलता होगी.
सवाल- भगवान जगन्नाथ जैसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय पर फिल्म बनाना कितना चुनौतीपूर्ण था? धार्मिक भावनाओं और रचनात्मक स्वतंत्रता के बीच संतुलन कैसे बनाया?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि यह हमारे लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी. हमने कल्पना से ज़्यादा परंपरा और श्रद्धा को महत्व दिया. हमारा उद्देश्य कहानी गढ़ना नहीं, बल्कि भगवान जगन्नाथ के संदेश को बच्चों तक सरल और सम्मानजनक तरीके से पहुँचाना था.
सवाल- फिल्म की रिलीज़ से पहले कानूनी चुनौतियां भी सामने आईं. सर्वोच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद आपकी क्या प्रतिक्रिया थी?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय ने हमारे न्याय व्यवस्था पर, महाप्रभु जगन्नाथ पर विश्वास को और मजबूत किया. यह सिर्फ हमारी टीम की जीत नहीं थी, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति और सत्य की भी जीत थी. इस पूरे अनुभव ने हमें और अधिक जिम्मेदार और मजबूत बनाया.
सवाल- क्या एनिमेशन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि बिल्कुल, आज के बच्चे स्क्रीन पर सीखते हैं.अगर हम अपनी संस्कृति और मूल्यों को आधुनिक और रोचक तरीके से प्रस्तुत करें, तो एनिमेशन नई पीढ़ी तक सनातन परंपरा पहुँचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है.
सवाल- रथ यात्रा के आसपास फिल्म रिलीज़ करने के पीछे क्या सोच थी? अब नई रिलीज़ डेट क्या होगी?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि रथ यात्रा भगवान जगन्नाथ का सबसे बड़ा उत्सव है, इसलिए हमारी इच्छा थी कि फिल्म उसी पावन अवसर पर दर्शकों तक पहुँचे। कानूनी कारणों से ऐसा संभव नहीं हो पाया, लेकिन हमारा विश्वास कभी नहीं डिगा. अब फिल्म अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और हम सभी दर्शकों के आशीर्वाद की अपेक्षा करते हैं.
सवाल- देश के कई आध्यात्मिक गुरुओं का फिल्म को समर्थन मिला. क्या इससे आपको लगा कि यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक आंदोलन बन सकती है?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि उनका आशीर्वाद हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. इससे हमारा विश्वास और मजबूत हुआ कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, भक्ति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक छोटा सा प्रयास है.
सवाल- अगर महाप्रभु जगन्नाथ सफल होती है, तो क्या यह 'Sanatan Universe' की पहली बड़ी सीढ़ी है?
जवाब- प्रोड्यूसर ने कहा कि जी हाँ, महाप्रभु जगन्नाथ हमारे बड़े सपने की पहली शुरुआत है. हमारा उद्देश्य भारतीय देवताओं, इतिहास और सनातन विरासत पर आधारित विश्वस्तरीय कहानियाँ बनाना है, ताकि भारत अपनी सांस्कृतिक कहानियाँ दुनिया तक अपने अंदाज़ में पहुँचा सके.
यह भी पढ़ें: 52 इंच हाईट, 21 साल पहले एक ही फिल्म में किए 165 रोल और ले गया 40 करोड़ फीस- पता है नाम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं