बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने हाल ही में पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान के साथ अपनी पहली बाइक राइड का एक मजेदार किस्सा सुनाया. यह किस्सा साल 2008 में आई फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान का है, जब दोनों लद्दाख में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. उस वक्त सैफ और करीना के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती थी और दोनों सिर्फ को-स्टार के तौर पर एक-दूसरे से मिलते थे. लेकिन एक बाइक राइड के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसे सैफ आज भी याद करके हंसते हैं.
दरअसल, सैफ अली खान हाल ही में मेगास्टार अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ पहुंचे थे. शो के दौरान उन्होंने करीना के साथ अपनी पहली बाइक राइड का किस्सा साझा किया.
सैफ ने कहा, ''फिल्म 'टशन' की शूटिंग के शुरुआती दिनों में मेरी और करीना की ज्यादा बातचीत नहीं होती थी. हम दोनों एक-दूसरे के साथ सिर्फ औपचारिक तरीके से पेश आते थे. इसी दौरान किसी ने मुझसे कहा कि मुझे करीना को बाइक राइड के लिए पूछना चाहिए, क्योंकि उन्हें मोटरसाइकिल बहुत पसंद हैं. उस समय मैंने लद्दाख में एक बाइक रेंट पर ली हुई थी. वहां की सड़कें बेहद खूबसूरत थीं और मैं अक्सर हेडफोन लगाकर बाइक से ही शूटिंग लोकेशन पर जाता था. एक दिन मैंने करीना से पूछा कि क्या वह मेरे साथ बाइक राइड पर चलना पसंद करेंगी. इस पर करीना ने खुशी-खुशी हां कह दिया.''
उन्होंने कहा, ''बाइक पर बैठने के बाद करीना का अंदाज कुछ अलग ही हो गया. जैसे ही मैंने बाइक चलानी शुरू की, करीना हर थोड़ी देर में मेरे कंधे या पीठ पर नाखून गड़ाकर मुझे रुकने के लिए कहने लगीं. वह बार-बार 'रुको, रुको' चिल्ला रही थीं. मैं जब भी बाइक आगे बढ़ाता, करीना मुझे धीरे चलाने और रुकने के लिए कहने लगती थीं.''
सैफ ने कहा, ''कुछ देर बाद परेशान होकर करीना ने कहा कि मुझे बाइक राइड बिल्कुल पसंद नहीं है. यह सुनकर मैं हैरान रह गया. मैंने सोचा कि अगर उन्हें बाइक राइड पसंद नहीं है तो फिर हम बाइक पर कर क्या रहे हैं? मुझे लगता है कि उस समय हम दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे, लेकिन करीना को बाइक पसंद नहीं आई थी.''
सैफ अली खान और करीना कपूर की प्रेम कहानी फिल्म 'टशन' के सेट पर ही शुरू हुई थी. इस फिल्म में अक्षय कुमार और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद सैफ और करीना ने 'ओमकारा', 'कुर्बान' और 'एजेंट विनोद' जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया. दोनों ने अक्टूबर 2012 में शादी कर ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं