जीनत अमान से लेकर शबाना आजमी तक, कई भारतीय अभिनेत्रियों ने पर्दे पर सशक्त और महिला-प्रधान किरदारों के जरिए रूढ़िवादी धारणाओं को तोड़ा है. इन्हीं में से एक हैं तबस्सुम फ़ातिमा हाशमी, जिन्हें 'तब्बू' के नाम से जाना जाता है. हिंदी सिनेमा में अपने लीक से हटकर निभाए गए किरदारों के लिए वे काफी मशहूर हैं. चाहे 'चांदनी बार' में उनका अभिनय हो या 'माचिस' में एक सुसाइड बॉम्बर का किरदार, उन्होंने हमेशा बेहतरीन भूमिकाएं चुनीं और अपनी एक अलग पहचान बनाई.

4 नवंबर 1971 को एक हैदराबादी मुस्लिम परिवार में जन्मीं तब्बू के पिता, जमाल अली हाशमी भारत आने से पहले पाकिस्तान में एक अभिनेता थे. जब तब्बू तीन साल की थीं, तब उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए और उनकी मां ने अकेले ही उनकी परवरिश की. तब्बू ने कभी भी अपने नाम के साथ अपने पिता के सरनेम का इस्तेमाल नहीं किया. सिमी गरेवाल के शो 'रेंडेवू विद सिमी गरेवाल' में बातचीत के दौरान, तब्बू ने इस बारे में बात की. उन्होंने कहा, "मैंने कभी अपने सरनेम का इसका इस्तेमाल नहीं किया. मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि अपने पिता का सरनेम इस्तेमाल करना जरूरी है. मेरा नाम हमेशा से 'तबस्सुम फातिमा' रहा, जहां 'फ़ातिमा' मेरा मिडिल नेम था. स्कूल में 'फातिमा' ही मेरा सरनेम हुआ करता था. मुझे उनके (पिता के) बारे में कुछ भी याद नहीं है. मेरी बहन कभी-कभार उनसे मिली है, लेकिन मुझे उनसे मिलने की कभी कोई इच्छा नहीं हुई. मुझे उनके बारे में जानने की कोई उत्सुकता नहीं है. मैं जैसी हूं, जिस तरह से बड़ी हुई हूं, उसी में खुश हूं. मैं अपनी जिंदगी में पूरी तरह से सेटल हूं."

तब्बू ने न केवल हिंदी सिनेमा में दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है, बल्कि 'निन्ने पेल्लाडाटा', 'कालापानी', 'कधल देसम', 'इरुवर' और कई अन्य फिल्मों के जरिए क्षेत्रीय सिनेमा में भी अपनी एक अलग छाप छोड़ी है. अलग तरह के किरदार चुनने के लिए मशहूर तब्बू ने कई कमर्शियल रूप से सफल फिल्मों में काम किया है, जिनमें 'प्रेम', 'हकीकत', 'हिम्मत', 'जीत', 'मकबूल', 'द नेमसेक', 'चीनी कम', 'हैदर' और कुछ अन्य फिल्में शामिल हैं.

तब्बू के अफेयर और सगाई की अफवाहें
चार दशकों से भी लंबे करियर में, तब्बू का नाम कई मशहूर हस्तियों के साथ जोड़ा गया है. कहा जाता है कि उनके पहले बॉयफ्रेंड संजय कपूर थे. दोनों ने अपनी फिल्म 'प्रेम' की शूटिंग के दौरान एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद ही वे अलग हो गए. तब्बू का नाम निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ भी जुड़ा था. फिल्म 'जीत' में एक साथ काम करने के दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं. रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों की सगाई हो गई थी, लेकिन साजिद तब्बू के साथ रिश्ते को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध नहीं हो पाए, क्योंकि उनके मन में अभी भी अपनी दिवंगत पत्नी दिव्या भारती की यादें थीं. हालांकि, इस सगाई की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.

तब्बू का एक और रिश्ता जिसने काफी चर्चा बटोरी, वह साउथ इंडियन सुपरस्टार अक्किनेनी नागार्जुन के साथ था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तब्बू एक स्थिर रिश्ता चाहती थीं, लेकिन पहले से शादीशुदा नागार्जुन कोई पक्का वादा नहीं कर सके. कथित तौर पर 10 साल तक साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं