बॉलीवुड में कुछ रोमांटिक गाने ऐसे होते हैं, जिन्हें सुनते ही पुराने दिनों की यादें ताजा हो जाती हैं. ऐसा ही एक गाना है ‘आज फिर तुम पे प्यार आया है', जो 1988 में आई फिल्म ‘दयावान' का हिस्सा था. इस गाने में माधुरी दीक्षित और विनोद खन्ना की जोड़ी नजर आई थी. उस वक्त माधुरी करीब 21 साल की थीं, जबकि विनोद खन्ना की उम्र करीब 42 साल थी. दोनों की पर्दे पर मौजूदगी ने इस गाने को खूब चर्चा दिलाई. वहीं, पंकज उधास और अनुराधा पौडवाल की आवाज ने इसमें ऐसा रोमांस घोला कि यह गीत आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है.
क्या थी फिल्म की कहानी?
फिल्म ‘दयावान' की कहानी शक्ति वेलु नाम के एक ऐसे लड़के की है, जो बचपन में अपने पिता की पुलिस के हाथों हत्या होते देखता है. बड़े होकर वह अपराध की दुनिया में कदम रखता है, लेकिन गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने के कारण लोग उसे ‘दयावान' कहने लगते हैं. इसी दौरान उसकी मुलाकात नीला (माधुरी दीक्षित) से होती है. दोनों प्यार करते हैं और शादी कर लेते हैं. हालांकि, अपराध की दुनिया से जुड़े होने के कारण उसकी जिंदगी में कई मुश्किलें आती हैं. फिल्म में अमरीश पुरी, फिरोज खान, आदित्य पंचोली, अनुपम खेर और अमाला अक्किनेनी जैसे कलाकार भी थे.
संगीत ने बनाया गाने को यादगार
‘आज फिर तुम पे प्यार आया है' को पंकज उधास और अनुराधा पौडवाल ने गाया था. इसके बोल अजीज कैशी ने लिखे थे, जबकि संगीत की जिम्मेदारी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संभाली थी. गाने की खासियत इसकी धीमी धुन और रोमांटिक अंदाज है. दोनों गायकों की आवाज का मेल इसे अलग पहचान देता है. आज भी पुराने हिंदी गानों की चर्चा होती है, तो यह गीत जरूर याद किया जाता है.
बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी ‘दयावान'
फिरोज खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 21 अक्टूबर 1988 को रिलीज हुई थी. फिल्म के बजट और कमाई के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इसे करीब 2.25 करोड़ रुपये में बनाया गया था और इसने लगभग 7.44 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था. फिल्म को तमिल फिल्म ‘नायकन' से प्रेरित होकर बनाया गया था. करीब 38 साल बाद भी ‘आज फिर तुम पे प्यार आया है' की लोकप्रियता बरकरार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं