जसपाल भाटी जिन्हें उनकी जबरदस्त कॉमेडी के लिए जाना जाता है. उन्होंने अपनी एक्टिंग, डायरेक्शन से उस दौर पर अपना नाम बनाया जब टीवी पर गिने-चुने शो आते थे. उस वक्त पर जसपाल भाटी एक ऐसा शो लेकर आए जिसने लोगों को हंसाने के साथ ही समाज में होने वाली उन कमियों पर भी सवाल उठाए, जिससे आम आदमी हर रोज जूझता है. साल 1989 में आया शो जिसे जसपाल भाटी ने बनाया था. इस सीरियल के बस 10 एपिसोड थे लेकिन इसकी लोकप्रियता आज भी कायम है. दिलचस्प बात यह है कि इसी शो में एक ऐसे अभिनेता ने भी छोटा-सा कैमियो किया था, जो आगे चलकर बॉलीवुड के चर्चित कलाकारों में शामिल हुआ.
1989 में आया दूरदर्शन का सुपरहिट शो
जसपाल भाटी साल 1989 में अब से लगभग 37 साल पहले दूरदर्शन पर शो लेकर आए जिसका नाम था 'फ्लॉप शो (Flop Show)'. इस शो की खास बात ये है कि इसे जसपाल भट्टी ने लिखा और डायरेक्ट किया था. इस सीरियल में उन्होंने खुद एक्ट किया था और उनके साथ उनकी वाइफ सविता भट्टी ने भी उनकी ऑनस्क्रीन पत्नी का किरदार निभाया था. इस सीरियल का अंदाज बिल्कुल अलग था. 31 अक्टूबर 1989 को शुरू हुए इस शो के सिर्फ 10 एपिसोड बने, लेकिन इसकी लोकप्रियता आज भी कायम है. 10 एपिसोड के इस सीरियल में हर एपिसोड में नई कहानी और नए किरदार देखने को मिलते थे. जो आम लोगों की समस्याओं से जुड़े होते थे. सरकारी दफ्तर, मेडिकल व्यवस्था, मकान-मालिक और किरायेदार, टेलीफोन विभाग और पढ़ाई जैसे आम मुद्दों को कॉमेडी के जरिए दिखाया जाता था. IMDb में इसकी रेटिंग 9.2 है.
विजय राज का था छोटा-सा कैमियो
विजय राज जिन्हें उनके कौआ बिरयानी वाले किरदार से लोग आज भी जानते हैं. उनके इस किरदार और कौआ बिरयानी के मीम्स सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं. उन्होंने रन, मानसून वेडिंग, जंगल, धमाल जैसी कई फिल्मों में मजेदार और यादगार किरदार निभाए हैं. लेकिन फिल्मों में आने से पहले उनका जुड़ाव रंगमंच और छोटे पर्दे से भी रहा. उन्होंने दूरदर्शन पर आने वाले जसपाल भट्टी के फ्लॉप शो के पहले एपिसोड में कैमियो किया था. हालांकि उनका किरदार बेहद छोटा था. लेकिन इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे पर रुख किया था.
1999 में मिली पहली फिल्म, नसीरुद्दीन शाह ने की थी सिफारिश
विजय राज की फिल्मी शुरुआत 1999 में आई 'भोपाल एक्सप्रेस' से हुई थी. विकिपीडिया के मुताबिक इस फिल्म को महेश मथाई ने डायरेक्ट किया था और इसमें केके मेनन, नेत्रा रघुरामन, जीनत अमान और नसीरुद्दीन शाह ने अभिनय किया था. विजय राज ने फिल्म में बदरू का किरदार निभाया था. इस फिल्म के लिए नसीरुद्दीन शाह ने उनकी सिफारिश की थी. सीरुद्दीन शाह ने उन्हें नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में परफॉर्म करते देखा था और महेश मथाई से उनका नाम रिकमेंड किया था. फिल्म की कहानी 1984 में भोपाल गैस कांड से जुड़ी हुई थी. फिल्म 2 दिसंबर 1999 को रिलीज हुई थी और IMDb पर इसको रेटिंग 7.4 मिली.
इस तरह उनका पहला कैमियो रोल जो फ्लॉप शो में किया गया था, विजय राज के स्टार बनने की वजह नहीं था, लेकिन उनके शुरुआती एक्टिंग के सफर का एक दिलचस्प पड़ाव जरूर रहा. इसके बाद उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक किरदार निभाए और आज वो किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं