बिजनेसमैन और आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सुष्मिता सेन के समर्थन में उतर कर बड़ा खुलासा किया है. 2022 में जब दोनों का रिश्ता सुर्खियों में आया था, तब सुष्मिता पर कई लोगों ने आरोप लगाया कि वह पैसों के पीछे भागने वाली हैं यानी ‘गोल्ड डिगर' हैं. सुष्मिता पहले ही इस आरोप पर ट्रोल्स को करारा जवाब दे चुकी हैं अब ललित मोदी ने भी उनके सपोर्ट में बयान दिया है और कहा कि वह खुद एक डिपेंडेंट बॉयफ्रेंड थे. सुष्मिता सेन के साथ अपने खास रिश्ते को याद करते हुए, ललित मोदी ने जोर देकर कहा कि उनका रिश्ता कभी भी पैसे के बारे में नहीं था. मोदी ने कहा कि सुष्मिता एक आत्मनिर्भर और संपन्न महिला हैं, जिन्होंने कभी पैसे के पीछे भागने की कोशिश नहीं की.
'मैं एक रखे हुए बॉयफ्रेंड जैसा था'
जब सुष्मिता सेन की उस पोस्ट के बारे में पूछा गया, जिससे उन्होंने उन ट्रोलर्स की बोलती बंद कर दी थी जो उन्हें गोल्ड डिगर कह रहे थे, तो मोदी ने 'ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे' को बताया, "सुष्मिता बहुत खूबसूरत और एक बहुत ही संपन्न महिला हैं. इस दुनिया में मैं जितने भी लोगों को जानता हूं, उनमें से किसी के भी पास सुष्मिता से ज्यादा हीरे नहीं हैं. वह एक बहुत अमीर महिला हैं. उन्होंने यह सब अपनी मेहनत से हासिल किया है".

उन्होंने आगे कहा, "एक समय ऐसा भी था जब मैं उनके साथ बाहर जाता था और मुझे किसी भी चीज के लिए पैसे नहीं देने पड़ते थे. हर चीज का बिल वही चुकाती थीं. मैं तो एक डिपेंडेंट बॉयफ्रेंड जैसा था. वह एक असाधारण और आत्मनिर्भर महिला हैं. तो सुष्मिता गोल्ड डिगर नहीं थीं, बल्कि ललित डायमंड डिगर थे और वह (सुष्मिता) ही वह हीरा थीं". उन्होंने कहा, "वह किसी से भी कोई चीज कभी स्वीकार नहीं करती थीं. इसलिए जब लोगों ने उन्हें गोल्ड डिगर कहा, तो वह पूरी तरह से गलत था".
‘रिश्ते के पब्लिक होने पर नहीं हुआ कोई पछतावा'
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने सुष्मिता सेन के ठीक सामने ही अपने रिश्ते की घोषणा वाली पोस्ट शेयर की थी, जब उन्हें इसकी बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा, "मैंने यह ठीक उसके सामने किया. उसे लगा ही नहीं था कि मैं सच में इसे पोस्ट कर दूंगा. हम प्लेन में किसी बात पर बहस कर रहे थे और उसने कहा, 'तुम इसे पोस्ट नहीं करने वाले हो.' मैं हंसा और बटन दबा दिया".
यह भी पढ़ें: राम चरण को देख बेकाबू हुआ फैन, दौड़कर पहुंचा जाह्नवी कपूर के बेहद करीब, घबराईं एक्ट्रेस- VIDEO वायरल
ललित मोदी ने याद करते हुए बताया कि उस समय वे लंदन वापस जा रहे थे. उन्होंने कहा, "जब तक हम लैंड हुए, तब तक तो हंगामा मच चुका था. लेकिन इसमें कुछ भी गलत नहीं था. उसने मुझसे इसे हटाने के लिए कभी नहीं कहा, और मैंने भी ऐसा करने के बारे में कभी सोचा भी नहीं".

उन्होंने आगे कहा, ‘सुष्मिता मेरे लिए बहुत खास थी. आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें उसका बहुत बड़ा हाथ है. वह बेहद खास थी. उस समय वह मेरी जिंदगी का एक बहुत अहम हिस्सा थी. बस दिक्कत यह थी कि हमारे बीच दूरियां बहुत ज्यादा थीं. उसका करियर भारत में था, और मेरी जिंदगी लंदन में थी. यह एक बहुत ही खास रिश्ता था".
'गोल्ड डिगर' पर सुष्मिता सेन की पोस्ट
सुष्मिता सेन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने उन ट्रोलर्स को जवाब दिया जिन्होंने 2022 में उन्हें 'गोल्ड डिगर' कहा था. उस पोस्ट का एक हिस्सा कुछ इस तरह था, "मैं सोने से भी ज्यादा गहरी चीजों की तलाश करती हूं...और मैंने हमेशा (जैसा कि सब जानते हैं) हीरों को ज्यादा पसंद किया है और हां, मैं आज भी उन्हें खुद ही खरीदती हूं".
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं