बॉलीवुड में कई गाने हिट हुए, लेकिन कुछ गाने ऐसे भी रहे जिन्होंने कलाकार की एक अलग पहचान ही बना दी. 1978 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म 'डॉन' का 'खइके पान बनारस वाला' ऐसा ही गाना था. पान मुंह में दबाए अमिताभ बच्चन का अंदाज और किशोर कुमार की आवाज ऐसी चली कि आज भी इस गाने का जिक्र आते ही 'खइके पान बनारस वाला, खुल जाए बंद अकल का ताला' की धुन कानों में गूंजने लगती है. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद इस गाने को जोड़ा गया था. बाद में यही गाना अमिताभ की सबसे यादगार पहचान में से एक बन गया और पर्दे पर वह बन गए 'छोरा गंगा किनारे वाला'.
पहले 'डॉन' का हिस्सा नहीं था यह गाना
'खइके पान बनारस वाला' को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह शुरू से 'डॉन' की योजना का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह गाना 'डॉन' पूरी होने के बाद किया गया था. फिल्म पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसे बाद इससे जुड़े लोगों ने महसूस किया कि इसकी कहानी और एक्शन इतने कसाव भरे हैं कि दर्शकों को बीच में कुछ राहत मिलनी चाहिए. उनकी सलाह के बाद फिल्म में एक गाना जोड़ने का फैसला हुआ और 'खइके पान बनारस वाला' को शामिल किया गया.
देव आनंद की 'बनारसी बाबू' के लिए लिखा गया था?
कहा जाता है कि गीतकार अंजान ने 'खइके पान बनारस वाला' पहले देव आनंद की 1973 की फिल्म 'बनारसी बाबू' के लिए लिखा था, लेकिन वहां इसका इस्तेमाल नहीं हुआ. बाद में इसे 'डॉन' में शामिल किया गया. हालांकि, गीतकार अंजान के बेटे और गीतकार समीर ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि फिल्म देखने के बाद बीच में एक गाने की जरूरत महसूस हुई और अंजान को बुलाया गया और अंजान ने उसी जरूरत को ध्यान में रखकर 'खइके पान बनारस वाला' लिखा.
बनारसी मस्ती ने बदल दिया अमिताभ का अंदाज
'डॉन' में अमिताभ बच्चन एक तरफ खतरनाक अपराधी डॉन के किरदार में थे, तो दूसरी तरफ कहानी में विजय का किरदार भी निभा रहे थे. 'खइके पान बनारस वाला' में उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला. पान, बनारसी ठाठ और बेफिक्र मस्ती से भरे इस गीत ने फिल्म के गंभीर और एक्शन से भरे माहौल में एक बिल्कुल अलग रंग भर दिया.
किशोर कुमार की आवाज, कल्याणजी-आनंदजी का संगीत, अंजान के बोल और अमिताभ बच्चन की अदायगी ने इस गाने को यादगार बना दिया. जिस गाने को फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद जोड़ा गया था, वही आगे चलकर 'डॉन' की सबसे बड़ी पहचान बन गया. अमिताभ बच्चन के करियर के कई यादगार गीतों में गिने जाने वाले 'खइके पान बनारसवाला' ने उन्हें एक ऐसे अंदाज में पेश किया, जिसे दर्शक दशकों बाद भी भूल नहीं पाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं