साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म तोहफा के मशहूर गाने 'प्यार का तोहफा' ने उस समय धूम मचा दिया था. अभिनेत्री जया प्रदा ने बताया कि गाने में उनके द्वारा पहनी गई साड़ियों का भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता था. अभिनेत्री डांस रियलिटी शो, 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ स्पेशल गेस्ट के तौर पर आई थी. शो के दौरान कंटेस्टेंट ऋतुराज और कोरियोग्राफर वैष्णवी ने सदाबहार गाने 'प्यार का तोहफा' पर जबरदस्त परफॉर्मेंस दी, जिसे देखकर जया काफी प्रभावित हुई.
अभिनेत्री ने परफॉर्मेंस के बाद गाने के समय को याद करते हुए कहा, "ये गाना रिलीज होने के बाद जया प्रदा साड़ी ट्रेंड चल गया था. सिनेमाघरों में जब ये गाना चलता था, तो हर जगह साड़ियों की इतनी डिमांड बढ़ गई थी कि दुकानों में साड़ियां ही नहीं मिल पाती थीं. साथ ही, मैं जहां भी जाती थी, तो लोग मुझे देखकर 'तोहफा, तोहफा, तोहफा' चिल्लाने लगते थे. मैं सोचती थी इतने सारे तोहफे मैं कहां से लाऊं? उस समय मेरे साथ ऐसा ही होता था. मुझे इस गाने पर बहुत गर्व है और ये मेरे करियर के बेहतरीन गानों में से एक हैं."
अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने बताया कि साउथ इंडियन फिल्ममेकर्स, खासकर डायरेक्टर के. राघवेंद्र राव जैसे निर्देशक ही हिंदी सिनेमा में नया बदलाव लेकर आए थे. उन्होंने बताया कि ये निर्देशक हिंदी सिनेमा में एक अलग तरह का विजुअल स्टाइल लेकर आए थे. उन्होंने कहा, "सॉन्ग प्यार का तोहफा की साड़ियां कमाल की थी. हालांकि, ये साड़ियां साउथ इंडियन फिल्ममेकर्स की क्रिएटिविटी और खूबसूरत सोच को दिखाती हैं, जिसे वे बॉलीवुड में लेकर आए थे."
मशहूर गाने 'प्यार का तोहफा' की बात करें तो, यह 1984 में रिलीज हुई 'तोहफा' में फिल्माया गया था और उस दशक के सबसे बड़े म्यूजिकल सेंसेशन में से एक बन गया था. इस गाने को मशहूर गायक किशोर कुमार और गायिका आशा भोसले ने अपनी आवाज दी थी. बप्पी लहरी के अनोखे और जोशीले संगीत ने इस गाने को एक सदाबहार रोमांटिक धुन दी, जो आज भी लोगों को पसंद है.
यह भी पढ़ें- पिता के डर से बदला था मुस्लिम नाम, हिंदू नाम से मिला स्टारडम, 'इश्तहार से पता चला मैं दिलीप कुमार हूं'
इस गाने में अभिनेता जितेन्द्र के साथ जया प्रदा और श्रीदेवी की प्रसिद्ध जोड़ी नजर आई थी, जिसके नृत्य और अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. इस गाने के बोल 'प्यार का तोहफा तेरा बना है जीवन मेरा' और इसका संगीत उस दौर में घर-घर में बच्चों से लेकर बड़ों तक की जुबान पर छा गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं