सिनेमाघरों में तीन हफ्ते पूरे करने के बाद भी रजनीकांत की 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है. इससे भारत में इसकी नेट कलेक्शन 460 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है. हालांकि तीसरे वीकेंड पर शानदार कमाई करने के बाद सोमवार (2 नवंबर) को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई. नेल्सन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने 19 दिनों में भारत में 459.70 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है लेकिन वीकडेज की कमाई में सुस्ती के इशारे मिल रहे हैं.
'जेलर 2' का 19वें दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
ट्रेड ट्रैकर वेबसाइट 'सैकनिल्क' पर दिए गए आंकड़ों की मानें तो 'जेलर 2' ने सोमवार (19वें दिन) को भारत में 3.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. यह फिल्म 6,893 शोज में चल रही थी. इसके तमिल वर्जन ने 3,092 शो से 1.94 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. हिंदी वर्जन ने 3,088 शोज से 53 लाख कमाए, जबकि तेलुगु वर्जन ने 713 शो से 41 लाख की कमाई की. सोमवार की कमाई को मिलाकर 'जेलर 2' ने भारत में कुल 459.70 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है. रविवार को बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्मेंस के बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में काफी गिरावट देखी गई. 18वें दिन फिल्म ने 11.20 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिसका मतलब है कि सोमवार को एक ही दिन में इसमें लगभग 69.6% की गिरावट आई.

'जेलर 2' क्यों है खास?
'जेलर 2' में रजनीकांत 'टाइगर मुथुवेल पांडियन' के किरदार में लौटते हैं. वह एक रिटायर्ड जेलर हैं जो एक बार फिर एक खतरनाक सिचुएशन में फंस जाते हैं. इस बार उनका सामना मूर्तियों की तस्करी करने वाले एक इंटरनेशनल नेटवर्क से होता है. वे इस नेटवर्क के लोगों के करीब पहुंचने के लिए एक ड्राइवर के रूप में अंडरकवर हो जाते हैं, ताकि वे अपने परिवार को किसी भी खतरे से दूर रख सकें.
यह भी पढ़ें: रामायणम् ने रिलीज से पहले बना दिया कमाई का ये रिकॉर्ड, दिवाली पर रिलीज हुई फिल्मों से है सीधा कनेक्शन
फिल्म में एसजे सूर्या, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, विद्या बालन, योगी बाबू, मिर्ना, ऋत्विक, जतिन सरना और अन्ना राजन भी अहम किरदारों में हैं. मोहनलाल, शिव राजकुमार, ऋतिक रोशन, जैकी श्रॉफ और विजय सेतुपति ने इसमें कैमियो किए हैं. सन पिक्चर्स बैनर के तहत कलानिधि मारन के बैनर तले आई इस फिल्म में म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है और सिनेमैटोग्राफी विजय कार्तिक कन्नन ने की है. 'जेलर 2' 15 अक्टूबर 2026 को तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं