हिंदी सिनेमा में कई ऐसे गाने हैं जो सालों बाद भी लोगों के दिलों पर अपनी जगह बनाए हुए है. बात करें प्यार भरे रोमांटिक गानों की तो बॉलीवुड में कई ऐसे यादगार गीत बने हैं, लेकिन साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'सौदागर' का गाना 'ईलू-ईलू' आज भी प्यार करने वालों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है. इस गाने को चार सिंगर ने अपनी आवाज दी, मनहर उधास, कविता कृ्ष्णमूर्ति, उदित नारायण और सुखविंदर सिंह की आवाज से सजा ये गाना आज भी ये गाना खूब सुना जाता है. फिल्म में मनीषा कोईराला और विवेक मुशरन ने अहम भूनिका निभाई थी.
आनंद बख्शी के बोल और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का संगीत
फिल्म 'सौदागर' का निर्देशन सुभाष घई ने किया था. इस फिल्म में मनीषा कोईराला और विवेक मुशरन मुख्य किरदार में थे. 'ईलू-ईलू' के गीत के बोल फेमस गीतकार आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि इस गाने को संगीत दिया था फेमस जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने. चारों सिंगर की आवाज ने इस गाने को एक अलग ही पहचान दिलाई. यही वजह है कि आज भी प्यार करने वालों के लिए ये गाना लोकप्रिय गीतों में गिना जाता है.
प्यार करने वालों का फेवरेट है ये गीत
आज भी दो प्यार करने वालों के लिए ये गीत उनके मन की बात को बताता है. जब भी पुराने रोमांटिक गानों की बात आती है तो ये गाना लोगों की जुबान पर आ जाता है. गाने के बोल इस तरह से हैं कि हीरो अपने दोस्तों को बताता है कि ईलू-ईलू शब्द का मतलब क्या है? तब वो बताते हैं कि इसका मतलब होता है 'I LOVE YOU. मनीषा कोईराला के चुलबुलेपन और अंदाज ने इस गाने में जान डाल दी, वहीं अपनी मासूमियत से विवेक मुशरन ने इस गाने को सदाबहार बना दिया.
9 मिनट 53 सेंकड का ये लंबा गाना अपने संगीत, बोल और गायकों की आवाज के साथ मनीषा और विवेक मुशरन की प्यारी अदायगी के लिए आज भी जाना जाता है.
फिल्म ने भी लोगों पर चलाया था अपना जादू
इस फिल्म में कई बड़े कलाकारों ने भी काम किया है. मनीषा कोईराला और विवेक मुशरन के अलावा इसमें दिलीप कुमार, राज कुमार,अमरीश पुरी, अनुपम खेर ने भी अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता. फिल्म की कहानी भी लोगों को खूब पसंद आई थी और ये फिल्म उस समय की हिट फिल्मों में अपनी जगह बना पाई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं