विज्ञापन

हेमा मालिनी का जन्माष्टमी पर दिखा राधा रानी रूप, ड्रीम गर्ल ने शेयर किया 'राधा रास बिहारी' में डांस परफॉर्मेंस का प्यारा वीडियो 

हेमा मालिनी ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह राधा रानी बनकर श्रीकृष्ण के सामने प्यारा डांस करते हुए नजर आ रही हैं. 

हेमा मालिनी का जन्माष्टमी पर दिखा राधा रानी रूप, ड्रीम गर्ल ने शेयर किया 'राधा रास बिहारी' में डांस परफॉर्मेंस का प्यारा वीडियो 
हेमा मालिनी ने दी जन्माष्टमी की बधाई
नई दिल्ली:

जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने अपने चाहने वालों को जन्माष्टमी की खास बधाई दी है. इस खास मौके पर उन्होंने अपने डांस बैले 'राधा रास बिहारी' की खूबसूरत झलक दिखाई. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह राधा रानी के रूप में नजर आ रही हैं. उन्होंने पारंपरिक पोशाक और खूबसूरत गहनें पहने हुए हैं. शास्त्रीय नृत्य की मुद्राओं में हेमा मालिनी का अंदाज बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है. इस वीडियो पर फैंस खूब प्यार लुटाते हुए नजर आ रहे हैं और एक्ट्रेस को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं. 

हेमा मालिनी ने दी जन्माष्टमी की बधाई

वीडियो में हेमा मालिनी मंच पर अपनी नृत्य मंडली के साथ प्रस्तुति देती नजर आ रही हैं. इस दौरान एक अन्य कलाकार कृष्ण की भूमिका में दिखाई देता है. शास्त्रीय नृत्य के जरिए राधा और कृष्ण के प्रेम और भक्ति को पेश करती यह प्रस्तुति बेहद खास है. इस वीडियो को शेयर करते हुए हेमा मालिनी ने लिखा, ''जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अपने डांस बैले 'राधा रास बिहारी' की एक झलक साझा कर रही हूं. यह जन्माष्टमी सभी के जीवन में शांति, खुशियां और समृद्धि लेकर आए. राधे-राधे... जय श्री कृष्ण.'' 'राधा रास बिहारी' हेमा मालिनी की चर्चित नृत्य प्रस्तुतियों में से एक है. इसमें राधा और कृष्ण के रिश्ते, प्रेम और भक्ति को शास्त्रीय नृत्य के जरिए मंच पर दिखाया जाता है. उन्होंने अपने करियर में कई बार इस बैले को पेश किया है. उनके लिए यह भारतीय संस्कृति और कृष्ण भक्ति से जुड़ा एक भावनात्मक सफर है. 

ये भी पढ़ें- सोनू निगम का वो गाना, जो 24 साल पहले बना टीवी की शान, पॉपुलर सीरियल में आवाज ने बनाया सुपरहिट

5 साल की उम्र से भरतनाट्यम कर रहीं हेमा मालिनी 

बता दें कि हेमा मालिनी ने महज पांच साल की उम्र में भरतनाट्यम सीखना शुरू कर दिया था. उनकी मां जया चक्रवर्ती ने बेटी के इस हुनर को पहचान लिया था और उनके नृत्य करियर को आगे बढ़ाने में पूरी तरह साथ दिया. हेमा का बचपन दिल्ली में बीता और छोटी उम्र से ही उन्होंने मंच पर नृत्य प्रस्तुतियां देना शुरू कर दिया था. भरतनाट्यम की ट्रेनिंग के बाद हेमा मालिनी ने कुचिपुड़ी भी सीखा. उन्होंने चेन्नई में मशहूर गुरु वेम्पति चिन्ना सत्यम से प्रशिक्षण लिया. 

रेखा से जुड़ा भरतनाट्यम का किस्सा

हेमा मालिनी की डांस जर्नी से जुड़ी एक दिलचस्प कहानी बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस रेखा से भी जुड़ी है. हाल ही में 'इंडियन आइडल' में हेमा ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया था कि जब वह चेन्नई में भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ले रही थीं और गुरु वेम्पति चिन्ना सत्यम से कुचिपुड़ी सीख रही थीं, तब रेखा भी उन्हीं डांस क्लासेज में आया करती थीं. उन्होंने बताया कि रेखा बचपन में काफी शरारती थीं और कई बार रिहर्सल के बीच से भाग जाया करती थीं. ऐसे में गुरुजी के लिए उन्हें पकड़ना भी आसान नहीं होता था. समय के साथ हेमा मालिनी ने नृत्य को बड़े मंच तक पहुंचाया और कई यादगार डांस बैले तैयार किए. उन्होंने 'दुर्गा', 'मीरा', 'रामायण', 'सावित्री', 'राधा कृष्ण' और 'राधा रास बिहारी' जैसी प्रस्तुतियों के जरिए पौराणिक और आध्यात्मिक कहानियों को शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से पेश किया. 

ये भी पढ़ें- हनुमान अंश ही नहीं इस फिल्म ने कमाया 14 दिनों में 7 गुना प्रॉफिट, तमिल और तेलुगु में रिलीज को तैयार मेकर्स

ये Video भी देखें: Dharmendra Padma Vibhushan: धर्मेंद्र के सम्मान में रो पड़ी बेटी अहाना!

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hema Malini, Janmashtami, Janmashtami Wishes, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com