रोमांस के मामले में हिंदी फिल्मों में एक हमें एक से बढ़कर एक नगीने मिले हैं. पहले तो लिखने वाले अपनी कलम से कमाल का जादू चला देते हैं फिर उस पर संगीत फिट होता है और आखिर में कलाकार स्क्रीन अपनी परफॉर्मेंस से उस एक गाने पर चार चांद लगा देते हैं. अगर हम क्लासिक रोमांटिक गानों की लिस्ट बनाने लगें तो इसमें मीना कुमारी, मधुबाला, हेमा मालिनी, रेखा, जया बच्चन, मुमताज, शर्मिला टैगोर के कई रोमांटिक क्लासिक नंबर मिल जाएंगे लेकिन आज हम बात कर रहे हैं श्रीदेवी के एक क्लासिक नंबर की. इस गाने में श्रीदेवी मेनका बन राजेश खन्ना की तपस्या भंग करती नजर आई थी.
मास्टर जी फिल्म के गाने के लिए मेनका बनी थीं श्रीदेवी
हम जिस गाने की बात कर रहे हैं वह साल 1985 में आई फिल्म मास्टर जी में आया था. इस फिल्म में राजेश खन्ना, श्रीदेवी, अनीता राज, कादर खान, असरानी, अरुणा ईरानी, ओम शिवपुरी अहम किरदारों में थे. इस फिल्म में श्रीदेवी ने राजेश खन्ना की पत्नी का रोल किया था. इसी किरदार में इस जोड़ी पर एक रोमांटिक गाना फिल्माया गया जिसमें श्रीदेवी मेनका की तरह राजेश खन्ना का ध्यान भंग करती नजर आईं. बेसिकली वह जो कर रही थीं केवल और केवल राजेश खन्ना की अटेंशन के लिए कर रही थीं. श्रीदेवी राजेश खन्ना पर फिल्माया गया ये गाना है 'आंखें तो खोलो स्वामी'. इस गाने को किशोर कुमार और आशा भोसले ने गाया. बोल इंदीवर ने लिखे तो वहीं म्यूजिक से सुपरहिट बनाया बप्पी दा ने. 1985 का ये गाना 80 के दशक के शानदार म्यूजिकल दौर की भी याद दिलाता है.
श्रीदेवी और राजेश खन्ना की 'मास्टर जी' की कहानी और बॉक्स ऑफिस सक्सेस
यह फिल्म एक स्ट्रिक्ट लेकिन नर्म दिल स्कूल मास्टर और एक नटखट गांव की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है. बता दें कि ये फिल्म तमिल हिट फिल्म 'मुंधनाई मुडिचु' का रीमेक थी. तमिल फिल्म की तरह राजेश खन्ना और श्रीदेवी की मास्टर जी भी बॉक्स ऑफिस पर हिट रही. इस फिल्म ने करीब 11 करोड़ का बिजनेस किया था और ये उस साल की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म थी. ये फिल्म प्लैटिनम जुबली रही थी.
यह भी पढ़ें: 72 साल पुराना लता मंगेशकर का गाना, दाग देहलवी की गजल पर बना ये गीत, रामानंद सागर की फिल्म में हुआ था इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं